गंगा टास्क फोर्स ने चलाया स्वच्छता जागरूकता अभियान

कानपुर। भारतीय सेना की 137 सीईटीएफ बटालियन, टीए 39 गोरखा राइफल की गंगा टास्क फोर्स ने बिठूर स्थित ब्रह्मवर्त घाट पर गंगा स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान रीवैम्प इंडिया फाउंडेशन, ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज बिठूर, मातृ छाया गुरुकुलम बिठूर और नगर पंचायत बिठूर के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रीवैम्प इंडिया फाउंडेशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी वैभव सिंह राठौड़ और ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य सपना सिंह मौजूद रहीं। गंगा टास्क फोर्स के कमान अधिकारी कर्नल अरविंद प्रसाद एस और कानपुर स्थित कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रफुल्लित कुमार वर्मा के दिशा-निर्देशन में यह अभियान आयोजित किया गया।
इस दौरान गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार रणबीर सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय आस्था, संस्कृति और सभ्यता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गंगा नदी प्रदूषण की गंभीर समस्या से जूझ रही है। कारखानों से निकलने वाला गंदा पानी, शहरों का सीवर, प्लास्टिक कचरा और धार्मिक सामग्री का अत्यधिक विसर्जन गंगा को लगातार प्रदूषित कर रहा है, जिससे जल-जीवों के जीवन पर खतरा मंडरा रहा है और मानव स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। इसके लिए गंगा में कचरा या प्लास्टिक न डालें, धार्मिक सामग्री को नदी में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थान पर रखें और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन करने की भी अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान गंगा टास्क फोर्स के जवानों ने ब्रह्मवर्त घाट पर उपस्थित रीवैम्प इंडिया फाउंडेशन के सदस्यों, ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज और मातृ छाया गुरुकुलम के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय लोगों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाया। घाट परिसर में साफ-सफाई की गई और लोगों को गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने का संदेश दिया गया।
अभियान के अंत में उपस्थित सभी लोगों को गंगा को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद