19 मार्च को निकलेगी भारतीय नव वर्ष गीता संदेश यात्रा

कानपुर। श्रीमद्भगवद्गीता वैदिक न्यास, कानपुर दक्षिण की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को भूपेश अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 19 मार्च 2026, गुरुवार को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर भारतीय नव वर्ष के उपलक्ष्य में “गीता संदेश यात्रा” निकालने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि कानपुर दक्षिण के विभिन्न क्षेत्रों से अलग-अलग शोभायात्राएं प्रारंभ होकर दीप तिराहे पर एकत्र होंगी। इसके बाद सभी शोभायात्राएं एक भव्य जुलूस के रूप में पांडु नगर स्थित जेके मंदिर तक जाएंगी, जहां भारतीय नव वर्ष के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक संध्या महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
न्यास के अध्यक्ष भूपेश अवस्थी ने बताया कि भारतीय काल गणना के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को ही नव वर्ष का प्रथम दिन माना जाता है, जो विश्व की सबसे प्राचीन और वैज्ञानिक वैदिक कालगणना पर आधारित है। उन्होंने कहा कि गीता संदेश यात्रा का उद्देश्य लोगों को श्रीमद्भगवद्गीता के विचारों से जोड़ना और समाज में नित्य गीता स्वाध्याय की परंपरा को बढ़ावा देना है।
महासचिव राजेंद्र अवस्थी ने बताया कि इस वर्ष गीता संदेश यात्रा को और अधिक व्यापक और भव्य बनाने की योजना बनाई गई है। कानपुर दक्षिण के कई प्रमुख स्थानों से यात्रा निकाली जाएगी। इनमें बर्रा-2 स्थित हनुमान मंदिर, रतन लाल नगर, विद्यार्थी मार्केट, गोविंद नगर सहित अन्य क्षेत्रों से शोभायात्राएं प्रारंभ होकर दीप तिराहे पर एकत्र होंगी। इसके बाद सभी श्रद्धालु जेके मंदिर पहुंचकर भारतीय नव वर्ष सांस्कृतिक संध्या महोत्सव में भाग लेंगे।
कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने के लिए विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। साथ ही सजे हुए वाहन, ध्वनि विस्तारक यंत्रों से युक्त वाहन, यात्रा मार्गों और मंदिरों को झंडे, बैनर और पोस्टरों से सजाया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र में भारतीय नव वर्ष का उत्सवपूर्ण वातावरण दिखाई देगा।
कामद ग्रुप के प्रबंध निदेशक अखिलेश शुक्ला ने बताया कि इस आयोजन में अधिक से अधिक विद्यालयों और बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी भी भारतीय संस्कृति और गीता के संदेश से जुड़ सके।
बैठक में गीता संदेश यात्रा के सफल आयोजन के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां भी निर्धारित की गईं। इस अवसर पर गीता संदेश यात्रा प्रभारी अखिलेश शुक्ला, राजेंद्र अवस्थी, सुरेंद्र गेरा, राधा कृष्ण त्रिपाठी, श्याम सुंदर नैतिक, जयराम दुबे, श्याम बिहारी शर्मा, वी.के. दीक्षित, डॉ. अनुपम भरत शर्मा, लखन लाल शर्मा, सी.पी. पांडेय, चिंतामणि मिश्रा, सत्य प्रकाश त्रिपाठी, पप्पन मिश्रा, विपुल शाह, राज कुमार शर्मा सहित कई पदाधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने गीता संदेश यात्रा को भव्य और सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से सहयोग करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद