25 महिलाओं को “वीमेन आइकॉन ऑफ कानपुर” सम्मान

कानपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वीमेन एम्पावरमेंट फाउंडेशन (वी फाउंडेशन) की ओर से शास्त्री भवन, खलासी लाइन में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पूर्व आईपीएस अधिकारी रतन कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर की 25 प्रतिष्ठित महिलाओं को “वीमेन आइकॉन ऑफ कानपुर” सम्मान से नवाजा गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पीएस आईटी कानपुर की को-चेयरपर्सन निर्मला सिंह रहीं। समारोह का शुभारंभ निर्मला सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन और भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद डॉ. पंकजा ने संस्कृत में गणेश वंदना के श्लोकों का पाठ कर कार्यक्रम को भक्तिमय वातावरण प्रदान किया।
मंच पर फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस रतन कुमार श्रीवास्तव के साथ डॉ. विनीता श्रीवास्तव (पूर्व प्रोफेसर, डीएवी कॉलेज), डॉ. सिधांशु राय और प्रदीप शिवहरे मौजूद रहे। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। बनारस से आए मनीष शर्मा और ऋचा पांडेय ने मनमोहक कथक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि ग्रेस ग्रुप के परविंदर सिंह और सुजाता अरोड़ा ने बॉलीवुड के ‘गोल्डन हिट्स’ गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन चंडीगढ़ से आईं नवनीत कौर ने किया।
समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को “वीमेन आइकॉन ऑफ कानपुर” सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. नीलम त्रिवेदी, डॉ. पारुल गोयल, डॉ. अमिता शुक्ला, डॉ. सुचरिता खन्ना, अनीता श्रीवास्तव, डॉ. प्रत्यूष वत्सला, कनिका मिश्रा, चेतना चतुर्वेदी, दर्पण दीप श्रीवास्तव, डॉ. आरती द्विवेदी, सुजाता अरोड़ा, डॉ. बनदेव सिंह, बिंदु सिंह, पूजा झा, डॉ. साधना सिंह, साधना मिश्रा, नित्या चावला, सौम्या टंडन, नलिनी शर्मा, शैलजा रावत, वंदना निगम, रुपिना मिश्रा, वर्षा सक्सेना, स्वाति शुक्ला, विनीता अग्रवाल और नवनीत कौर शामिल रहीं।
इसके अतिरिक्त रामा विश्वविद्यालय में महिला सुरक्षा कानूनों पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता की विजेता कुमारी मीनू को ‘वी फाउंडेशन मेडल’ से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर फाउंडेशन के अध्यक्ष रतन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि “वीमेन एम्पावरमेंट फाउंडेशन फॉर लीगल अवेयरनेस” एक पंजीकृत पब्लिक ट्रस्ट है, जिसकी स्थापना महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य लक्ष्य विधिक जागरूकता के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग करना है।
फाउंडेशन कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से सुरक्षा, पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत बच्चियों की सुरक्षा, आईटी एक्ट में महिलाओं की सुरक्षा, एसिड अटैक से बचाव, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और जेंडर सेंसिटाइजेशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार जागरूकता अभियान चलाता है।
रतन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में संस्था ने कानपुर सहित उन्नाव, हाथरस और ग्वालियर जैसे शहरों में 40 से अधिक वर्कशॉप आयोजित कर महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास और साहस पैदा करना है ताकि वे किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न के खिलाफ खुलकर आवाज उठा सकें।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण के इस प्रयास की सराहना की और समाज में महिलाओं के सम्मान और समानता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद