कानपुर। भारतीय सेना की गंगा टास्क फोर्स की 137 सीईटीएफ बटालियन (टीए 39 गोरखा राइफल) द्वारा पत्थर घाट, बिठूर में गंगा स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान रीवैम्प इंडिया फाउंडेशन तथा ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रीवैम्प इंडिया फाउंडेशन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी वैभव सिंह राठौड़ तथा ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य सपना सिंह उपस्थित रहीं। अभियान का आयोजन गंगा टास्क फोर्स के कमान अधिकारी कर्नल अरविंद प्रसाद एस एवं कानपुर स्थित कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रफुल्लित कुमार वर्मा के निर्देशन में किया गया।
बताया गया कि गंगा टास्क फोर्स बीते सात वर्षों से गंगा स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, घाटों की नियमित गश्त और जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार चला रही है। इस अवसर पर गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार रणबीर सिंह ने पत्थर घाट पर उपस्थित संस्था के कर्मचारियों, विद्यालय के छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गंगा भारत की राष्ट्रीय नदी है, जो केवल जल का स्रोत ही नहीं बल्कि हमारी संस्कृति, धर्म और इतिहास की प्रतीक है। करोड़ों लोगों की जीवनरेखा गंगा को माँ के रूप में पूजनीय माना जाता है, इसलिए इसकी पवित्रता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि नदियों में कूड़ा-करकट, प्लास्टिक, कपड़े और केमिकल से बनी मूर्तियां न डालें। साथ ही नदियों के किनारे अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाएं, जिससे कटाव रुके और पर्यावरण संतुलन बना रहे। नदी तटों और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान गंगा टास्क फोर्स के जवानों ने रीवैम्प इंडिया फाउंडेशन की टीम, ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पत्थर घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस मौके पर सभी को गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने की शपथ दिलाई गई तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधों का वितरण भी किया गया।