कानपुर। “सनातन एवं संस्कृति का उत्सव” थीम पर तीन दिवसीय बिठूर महोत्सव का आयोजन 26 से 28 फरवरी तक ऐतिहासिक नाना राव पेशवा स्मारक, बिठूर में किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय द्वारा किया जाएगा। आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर यह आयोजन तीन दिनों तक बिठूर को उत्सवधर्मी वातावरण में बदल देगा।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और मंचीय कार्यक्रमों के समन्वय को लेकर संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित और अधिकतम जनसहभागिता पर आधारित होना चाहिए, ताकि बिठूर की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल सके।
महोत्सव में विभिन्न विभागों और संस्थानों की आकर्षक प्रस्तुतियां दर्शकों को लुभाएंगी। रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत ग्लाइडर्स इंडिया एवं ऑर्डिनेंस इक्यूपमेंट फैक्ट्री की प्रदर्शनी, उद्यान विभाग का भव्य फ्लावर शो, आईआईटी कानपुर की एआई और वीआर आधारित प्रदर्शनी तथा सीएसजेएमयू के फाइन आर्ट्स विभाग की कलाकृतियां प्रमुख आकर्षण होंगी। इसके साथ ही कठपुतली, कच्ची घोड़ी जैसे लोक कार्यक्रम भी दर्शकों का मन मोहेंगे।
26 फरवरी को दीप प्रज्वलन, मंत्रोच्चारण और शंखनाद के साथ महोत्सव का विधिवत उद्घाटन होगा। बिठूर थीम गीत की प्रस्तुति और भोपाल कथक समिति द्वारा कथक नृत्य कार्यक्रम सांस्कृतिक आयाम को और सशक्त करेगा। इसी दिन सायंकाल प्रसिद्ध गायक डॉ. पलाश सेन एवं यूफोरिया बैंड की प्रस्तुति युवाओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।
27 फरवरी को ‘द बैटल ऑफ बैंड्स’ और ‘कानपुर्स गॉट टैलेंट’ के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा श्रीराम कला केंद्र की कर्ण पर आधारित नाट्य प्रस्तुति और कवि सम्मेलन का आयोजन होगा।
28 फरवरी को छात्र-छात्राओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम, शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत प्रस्तुत किए जाएंगे। प्रयागराज स्थित उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र द्वारा पाई डंडा, पंजाबी गटका और ब्रज की होली पर आधारित चारकुला नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। पत्थर घाट पर काशी रस वाद्यवृंद की जुगलबंदी के बाद भव्य गंगा आरती के साथ महोत्सव का समापन होगा। इसी दिन गोपाल मणि तिवारी का विशेष संगीत कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा के लिए कानपुर नगर से बिठूर तक रोडवेज बसों का विशेष संचालन किया जाएगा। ये बसें सुबह 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक चलेंगी।
समीक्षा बैठक में डीसीपी ट्रैफिक रविंद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह, जिला विकास अधिकारी आलोक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।