कानपुर। आयकर कर्मचारी महासंघ, कानपुर रीजन के द्विवार्षिक चुनाव के उपरांत नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को आयकर भवन, सिविल लाइंस परिसर में गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में आयकर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में सदस्यों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त अपर्णा करण रहीं, जिन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कर्मचारी संगठन प्रशासन और कर्मचारियों के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना के साथ कर्मचारियों के हितों के लिए कार्य करेगी।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में IRS एसोसिएशन की अध्यक्ष एवं प्रधान आयकर आयुक्त शिवानी सिंह, उपाध्यक्ष शिवदान सिंह भदौरिया उपस्थित रहे। इसके अलावा आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ से शरद प्रकाश अग्रवाल, शांति भूषण मिश्रा, कुणाल श्रीवास्तव, राजेश तिवारी तथा आयकर कर्मचारी महासंघ (सर्किल) से बृजेश कुमार, सुनील कुमार, रंजीत शर्मा एवं बृजेश बाजपेयी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
चुनाव अधिकारी रंजीत कनौजिया ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उल्लेखनीय है कि 16 फरवरी 2026 को संपन्न हुए चुनाव में इस टीम ने भारी बहुमत से विजय प्राप्त की थी, जिसके बाद कर्मचारियों में उत्साह और उम्मीद का माहौल बना हुआ है।
शपथ ग्रहण करने वाले प्रमुख पदाधिकारियों में अध्यक्ष नवनीत शुक्ला, सचिव शिवेंदु श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष रजत सिंह चौहान, संयुक्त सचिव आनंद कुमार, वित्त सचिव अक्षत अवस्थी, सहायक सचिव शिवम पाल एवं रवि कुमार शामिल रहे। इसके साथ ही कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में हिमाली सिंह, शशांक गुप्ता, शिवांक सिंह, मयंक प्रताप सिंह, अभिषेक सिंह, अभिषेक सोनकर, अवनीश कुमार मिश्रा, विशाल कुमार पाल, नवीन कुमार वर्मा एवं सुमोध कुमार ने भी शपथ ग्रहण की।
शपथ ग्रहण के पश्चात नवनिर्वाचित अध्यक्ष नवनीत शुक्ला और सचिव शिवेंदु श्रीवास्तव ने उपस्थित सभी सदस्यों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नई कार्यकारिणी कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और कल्याणकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे परिसर में “महासंघ जिंदाबाद” के नारों की गूंज सुनाई देती रही, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि नई कार्यकारिणी को कर्मचारियों का व्यापक समर्थन प्राप्त है।