कानपुर मेट्रो में हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था

कानपुर। कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर–1 (आईआईटी–नौबस्ता) के अंतर्गत शेष सेक्शन (कानपुर सेंट्रल–नौबस्ता) में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस सेक्शन के मेट्रो स्टेशनों पर अत्याधुनिक सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम लगाया जा रहा है। इसी क्रम में बारादेवी से नौबस्ता तक स्थित पांच एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों—बारादेवी, किदवई नगर, बसंत विहार, बौद्ध नगर एवं नौबस्ता—पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना का कार्य पूरा कर लिया गया है। इनमें से अधिकांश कैमरों का कॉन्फिगरेशन भी पूर्ण हो चुका है और उन्हें लाइव कर दिया गया है।
इसके साथ ही, दो अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों—झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर—पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इन स्टेशनों पर इंस्टॉलेशन पूरा होते ही यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो जाएगी।

कानपुर मेट्रो की यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से शेष निर्माणाधीन स्टेशनों पर वीडियो एनालिटिक्स तकनीक से युक्त अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये कैमरे न केवल स्टेशन परिसर की 24×7 निगरानी करेंगे, बल्कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की पहचान कर तुरंत अलर्ट देने में भी सक्षम होंगे। वीडियो एनालिटिक्स फीचर की मदद से स्टेशन परिसर में पड़ी लावारिस वस्तुओं की पहचान की जा सकेगी। साथ ही यात्रियों की संदिग्ध गतिविधियों, प्लेटफॉर्म पर बनी पीली रेखा को पार करने जैसी घटनाओं पर भी कैमरों की कड़ी नजर रहेगी।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रत्येक मेट्रो स्टेशन पर औसतन 40 से 45 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। वहीं, प्रत्येक मेट्रो ट्रेन में लगभग 12 कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन सभी कैमरों से प्राप्त रियल टाइम फुटेज सीधे स्टेशन कंट्रोल रूम, ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर और मेट्रो डिपो स्थित सेंट्रल सिक्योरिटी रूम में पहुंचती है, जिससे हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा सके।

मेट्रो परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स के जवानों के पास है, जो सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम के माध्यम से पूरे मेट्रो तंत्र की सतत निगरानी कर रहे हैं।

इस संबंध में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि मेट्रो स्टेशनों के निर्माण और संचालन में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम को इस प्रकार डिजाइन और इंस्टॉल किया गया है कि किसी भी स्टेशन पर कोई डार्क स्पॉट न रहे। उन्होंने बताया कि महिला यात्रियों की सुरक्षा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर महिला सुरक्षाकर्मी और महिला हाउसकीपिंग स्टाफ की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी स्टेशनों के कॉनकोर्स को इस तरह डिजाइन किया गया है कि कोई भी हिस्सा यात्रियों की नजर से ओझल न रहे। लिफ्ट, स्टेशन नियंत्रण कक्ष और टिकट काउंटर आदि के निर्माण में पारदर्शी ग्लास का प्रयोग किया गया है, ताकि सुरक्षा के साथ-साथ पारदर्शिता भी बनी रहे।
अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह सुरक्षा व्यवस्था कानपुर मेट्रो को न केवल सुरक्षित बनाएगी, बल्कि यात्रियों को एक भरोसेमंद और आरामदायक सफर का अनुभव भी प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद