कानपुर। आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में संदिग्ध एवं मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी और नकली खाद्य पदार्थों के निर्माण व बिक्री पर पूरी सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में जनपद भर में लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान कुल 13,972 लीटर खाद्य तेल का नमूना संग्रहण कर उसे जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹18,15,110 बताई गई है। इसके अलावा तिवारीपुर, जाजमऊ स्थित एक कचरी निर्माण स्थल पर छापेमारी की गई, जहां से लगभग 1,350 किलोग्राम रंगीन कचरी बरामद हुई। कचरी में अत्यधिक मात्रा में कृत्रिम रंग पाए जाने के बाद नमूना लेकर पूरी खेप जब्त कर ली गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹87,750 है। इस तरह जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य ₹19,02,860 आंका गया है।
इसके अतिरिक्त आवास विकास-3, कल्याणपुर क्षेत्र में नकली खाद्य पदार्थों के निर्माण की सूचना पर टीम ने छापा मारा। मौके पर रिफाइंड ऑयल, वनस्पति और एसेंस का उपयोग कर संदिग्ध घी का निर्माण किया जा रहा था। वहां नमूना संग्रहण और जब्ती की कार्रवाई जारी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मिलावटखोरी और नकली खाद्य पदार्थों के निर्माण में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि होली जैसे त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता और शुद्धता पर विशेष ध्यान दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। यह अभियान कानपुर में आगे भी लगातार जारी रहेगा।
होली से पहले मिलावट पर बड़ी कार्रवाई