गुमटी बाजार से हटाया गया अतिक्रमण

कानपुर। शहर के सबसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में शामिल गुमटी बाजार में शुक्रवार को नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम कानपुर के जोन-5 की टीम ने विशेष अभियान चलाकर बाजार के मुख्य मार्ग, फुटपाथ और गलियारों को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस कार्रवाई से बाजार में लंबे समय से बनी अव्यवस्था पर अंकुश लगा और राहगीरों को राहत मिली।
जोनल अधिकारी अनुपम त्रिपाठी के नेतृत्व में चली इस मुहिम के दौरान चिन्हित स्थानों से करीब 60 से 65 अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से रखी गई गुमटियां, ठेले और दुकानों के बढ़े हुए काउंटर जब्त कर लिए गए, जिससे यातायात और पैदल चलने वालों के लिए रास्ता सुगम हो सका। अभियान के तुरंत बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया, ताकि हटाए गए अतिक्रमण के मलबे से किसी प्रकार की असुविधा न हो। इससे बाजार की साफ-सफाई और व्यवस्था दोनों में सुधार देखने को मिला।
अतिक्रमण विरोधी दस्ते में कर अधीक्षक नरेन्द्र देव, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक, अभियंत्रण विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें शामिल रहीं। मौके पर टीम लीडर सूबेदार सत्यवीर सिंह, रमेन्द्र सिंह, महेन्द्र सिंह, अजय कुमार, हवलदार राम नरेश, राजय नारायण तथा राजस्व निरीक्षक विकास कुमार ने मौजूद रहकर शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मुख्य मार्गों, फुटपाथों या गलियारों पर दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी वसूला जाएगा। नगर निगम की इस कार्रवाई को कानपुर में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार चल रहे अभियान का हिस्सा बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद