कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत छपेड़ा पुलिया के पास शुक्रवार को एक निर्माणाधीन भवन में काम के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। तीसरी मंजिल पर टाइल्स लगाने का कार्य कर रहा 28 वर्षीय कारीगर अचानक हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। साथी मजदूरों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान शब्बीर (28 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि काम के दौरान उसका संपर्क या तो खुले बिजली के तारों से हो गया या फिर किसी मशीन में उतरे करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। तेज झटका लगते ही वह वहीं अचेत होकर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद मजदूर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आक्रोशित परिजनों ने मकान मालिक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण स्थल पर न तो सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था और न ही बिजली के तारों को सुरक्षित तरीके से रखा गया था। इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।
परिजनों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर रावतपुर थाना पुलिस पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में सुरक्षा मानकों में चूक पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि कानपुर में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी के चलते इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे मजदूरों की जान जोखिम में पड़ रही है।