कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट के एमबीए विद्यार्थियों ने शुक्रवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के इनक्यूबेशन सेंटर का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह इंडस्ट्रियल विजिट विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य छात्रों को कक्षा-कक्षीय ज्ञान से आगे बढ़कर उद्योग जगत की वास्तविक चुनौतियों, नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति से परिचित कराना था।
इस शैक्षणिक यात्रा का औपचारिक शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रो. सुधांशु पांडया, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अंशु यादव एवं प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर डॉ. सिधांशु राय द्वारा किया गया। छात्रों को संबोधित करते हुए निदेशक प्रो. सुधांशु पांडया ने कहा कि ऐसे भ्रमण छात्रों में नवाचार, उद्यमिता और उद्योग-शिक्षा सहयोग की समझ को मजबूत करते हैं, जिससे वे भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए बेहतर रूप से तैयार हो पाते हैं।
निदेशक एलुमनाई डॉ. सिधांशु राय ने कहा कि एमबीए छात्रों के लिए यह अनुभव एक मील का पत्थर साबित होगा। इससे उन्हें यह व्यावहारिक समझ मिली कि किस प्रकार एक छोटे से विचार को सही मार्गदर्शन, निवेश और तकनीकी सहयोग के माध्यम से एक सफल व्यवसाय में बदला जा सकता है।
भ्रमण के दौरान छात्रों ने आईआईटी इनक्यूबेशन सेंटर में संचालित विभिन्न स्टार्टअप्स और नवाचार परियोजनाओं का गहन अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने स्टार्टअप संस्थापकों से सीधे संवाद कर उनके संघर्ष, चुनौतियों और सफलता की कहानियों को जाना। इनक्यूबेशन सेंटर के प्रतिनिधि पीयूष मिश्रा ने छात्रों को वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं, तकनीकी संसाधनों और स्टार्टअप को मिलने वाले सहयोग की विस्तृत जानकारी दी।
इस शैक्षणिक भ्रमण का नेतृत्व फैकल्टी प्रतिनिधि के रूप में डॉ. राहुल अग्रवाल एवं डॉ. गौरी सिंह ने किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक डॉ. सुदेश श्रीवास्तव, प्रो. नीरज सिंह, निदेशक कैंपस एलुमनाई डॉ. विवेक सचान, डॉ. अर्पणा कटियार, डॉ. चारु खान, डॉ. प्रशांत त्रिवेदी, मनोज कुमार, सोनम गुप्ता सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें स्टार्टअप और उद्यमिता के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अनमोल अवसर मिला।
CSJMU के एमबीए छात्रों का IIT इनक्यूबेशन सेंटर भ्रमण