कानपुर। जिस रिश्ते को बचपन से प्यार और भरोसे से पाला गया, उसी विश्वास को एक युवक ने लालच की भेंट चढ़ा दिया। मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां घर में रहकर देखभाल करने वाले ममेरे भाई ने ही 95 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर बेच दिए।
पुलिस के अनुसार वादिनी अनीता सरोज की वृद्ध मां कल्याणपुर के अंबेडकर पुरम में अकेली रहती हैं। वादिनी अपने पति मनोज (कस्टम विभाग में जीएसटी इंस्पेक्टर) के साथ बेंगलुरु में निवास करती हैं। वृद्ध मां की देखभाल के लिए वादिनी का ममेरा भाई आकाश वर्मा बचपन से ही उनके साथ रह रहा था। इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपी ने घर की आलमारी की चाबी से धीरे-धीरे कीमती गहने निकालने शुरू कर दिए।
जांच में सामने आया कि आकाश वर्मा चोरी किए गए जेवरातों को खागा स्थित श्याम ज्वेलर्स पर सस्ते दामों में बेच देता था। लगातार गहनों के गायब होने पर जब संदेह गहराया तो पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद कल्याणपुर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आकाश वर्मा और जेवर खरीदने वाले अनिल कुमार उर्फ प्रिंस मौर्य (सुनार) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक काला-सफेद ब्रेसलेट, पीली धातु की एक जंजीर, पीली धातु के कानों के टॉप्स की एक जोड़ी, सफेद पारदर्शी पन्नी में 1.270 ग्राम पीली धातु का टुकड़ा, 5640 रुपये नगद तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
इस पूरी कार्रवाई को उप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, उप निरीक्षक रवि कुमार एवं उप निरीक्षक जय सिंह की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह मामला रिश्तों में भरोसे के दुरुपयोग का गंभीर उदाहरण है, जिसमें अपनों की लापरवाही और लालच ने एक परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचाया।