कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उन्नाव जनपद की मगरवारा (गोकुलधाम) योजना में फ्लैट आवंटन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस प्रक्रिया के जरिए कुल 163 आवेदकों का अपने पक्के आशियाने का सपना साकार हो गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राधिकरण भवन के भूतल स्थित अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में किया गया।यह लॉटरी प्रक्रिया केडीए के उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के कुशल निर्देशन में आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव अभय कुमार पाण्डेय द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मौके पर विशेष कार्याधिकारी एवं उप जिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की।
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि निजी विकासकर्ता मेसर्स ट्रेड स्टोन लिमिटेड द्वारा विकसित मगरवारा (गोकुलधाम) योजना में उपलब्ध अवशेष 218 फ्लैटों के सापेक्ष प्राप्त आवेदनों पर लॉटरी निकाली गई। इस योजना के लिए 4 फरवरी 2025 से 5 मार्च 2025 के बीच पंजीकरण कराया गया था। बैंक के माध्यम से कुल 242 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से सूडा/डूडा द्वारा जांच के बाद 221 आवेदकों को पात्र घोषित किया गया। आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत अंतिम सूची के आधार पर लॉटरी संपन्न कराई गई।
लॉटरी के परिणामस्वरूप
कुल आवंटित फ्लैट – 163
प्रतीक्षा सूची – 25 आवेदक
तैयार की गई। अधिकारियों ने बताया कि यदि पूर्व में आवंटित कोई आवंटी भविष्य में अपना फ्लैट सरेंडर करता है या रिफंड लेता है, तो आरक्षण नियमों के अंतर्गत प्रतीक्षा सूची में शामिल आवेदकों को अवसर प्रदान किया जाएगा।
प्राधिकरण द्वारा इस पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। लॉटरी का ‘KDA Official’ यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण किया गया, ताकि दूर-दराज के आवेदक भी प्रक्रिया को देख सकें। इसके अलावा प्रेक्षागृह में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी, जिस पर चयन प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से दिखाया गया। भविष्य में किसी भी संदर्भ के लिए पूरे कार्यक्रम की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
लॉटरी के दौरान जिलाधिकारी उन्नाव द्वारा नामित एडीएम (उन्नाव), परियोजना अधिकारी उन्नाव के प्रतिनिधि, केडीए के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्राधिकरण सुरक्षा बल मौजूद रहे। शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना स्वरूप नगर का पुलिस बल भी कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहा।
जैसे ही लॉटरी के माध्यम से सफल आवेदकों के नामों की घोषणा हुई, प्रेक्षागृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कई आवेदकों की आंखों में खुशी साफ नजर आई। आवंटन पाने वाले लाभार्थियों ने केडीए की इस पारदर्शी और तकनीकी प्रक्रिया की खुलकर सराहना की। उनका कहना था कि बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से लॉटरी होना उनके विश्वास को और मजबूत करता है। केडीए अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी प्राधिकरण इसी तरह पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ आवासीय योजनाओं का संचालन करता रहेगा, ताकि आमजन को समय पर और न्यायपूर्ण तरीके से आवास का लाभ मिल सके।