सीएसजेएमयू में शुरू हुआ चार दिवसीय सम्भागीय नाट्य समारोह

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में सोमवार से चार दिवसीय सम्भागीय नाट्य समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय परिसर स्थित यूआईईटी के लेक्चर हॉल-1 में आयोजित यह समारोह उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ एवं विश्वविद्यालय की स्वामी हरिदास संगीत एवं नाट्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि वरिष्ठ रंगमंच कलाकार अश्वनी कांत श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि रंगकर्मी रतन राठौर एवं विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति सुधीर कुमार अवस्थी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।इस अवसर पर प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने कहा कि रंगमंच और नाट्य कार्यशालाओं से कैंपस में संचालित फिल्ममेकिंग कोर्स की गुणवत्ता में निश्चित रूप से सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि कानपुर का सांस्कृतिक गौरव निरंतर बढ़ रहा है और अब राष्ट्रीय स्तर पर भी शहर की पहचान बन रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में कानपुर के युवा स्क्रिप्ट लेखन और रंगमंच के क्षेत्र में नई पहचान बनाएंगे, जिसमें सीएसजेएमयू की भूमिका अहम होगी।
यह चार दिवसीय आयोजन कला प्रेमियों के लिए उत्सव होने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को युवा पीढ़ी से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी है। समारोह के पहले दिन पाली भूपिंदर सिंह द्वारा लिखित एवं प्रवीण कुमार अरोड़ा द्वारा निर्देशित नाटक “तुम्हें कौन सा रंग पसंद है” का मंचन किया गया।समारोह के दूसरे दिन मंगलवार को हिंदी साहित्य के महान लेखक मुंशी प्रेमचंद की कालजयी रचना “नशा” का मंचन होगा। यह नाटक तेजेंद्र सिंह ‘तेजू’ के निर्देशन में कौशाम्बी की इंडियन आर्ट एंड कल्चरल सोसाइटी द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा, जो सत्ता, वर्गभेद और अहंकार के नशे पर तीखा प्रहार करता है।
18 फरवरी को लखनऊ के प्रसिद्ध यायावर रंगमंडल द्वारा जयवर्धन लिखित एवं मोहम्मद हफीज निर्देशित नाटक “हाय हैंडसम” का मंचन किया जाएगा, जो बुजुर्गों के अकेलेपन और आधुनिक पारिवारिक ढांचे की सच्चाई को हास्य-व्यंग्य के माध्यम से प्रस्तुत करेगा।समारोह का समापन 19 फरवरी को प्रयागराज की संस्था माध्यम द्वारा प्रस्तुत नाटक “किराये का मकान” से होगा। सतीश डे द्वारा लिखित और डॉ. विनय श्रीवास्तव द्वारा निर्देशित यह नाटक महानगरों में संघर्षरत मध्यमवर्गीय जीवन की संवेदनशील कहानी को दर्शाएगा।कार्यक्रम का संचालन कांची त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर स्वामी हरिदास नाट्य अकादमी के निर्देशक डॉ. राज कुमार त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश संगीत नाट्य अकादमी के निर्देशक डॉ. शोभित कुमार नाहर, कार्यक्रम समन्वयक प्रशांत यादव, डॉ. मीत कमल, सुंदरम मिश्रा सहित बड़ी संख्या में रंगकर्मी, कलाकार और दर्शक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद