महाशिवरात्रि की तैयारी पर सख्ती

कानपुर— आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में जितेंद्र प्रताप सिंह ने परमट क्षेत्र स्थित आनंदेश्वर मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को कड़े व स्पष्ट निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि महाशिवरात्रि पर लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना रहती है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित सफाई कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित की जाए और प्रतिदिन उसकी सघन मॉनिटरिंग की जाए। मंदिर परिसर, गंगा घाट, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सफाई व्यवस्था कमजोर हुई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुगम और सुरक्षित आवाजाही को लेकर जिलाधिकारी ने पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें सुनिश्चित करने, मजबूत बैरिकेडिंग लगाने और प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट दिशा-सूचक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती है, इसलिए मार्गों की योजना इस प्रकार बनाई जाए कि किसी भी स्थिति में भगदड़ जैसी स्थिति न बने।प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त अस्थायी लाइटिंग की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि के दौरान पूरी रात आवागमन रहेगा, ऐसे में अंधेरा या अव्यवस्था किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं होगी।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने पार्किंग की समुचित व्यवस्था, श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता, अस्थायी शौचालयों की संख्या बढ़ाने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की प्रभावी तैनाती करने, महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती तथा संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त निगरानी रखने को कहा गया। मंदिर प्रबंधन समिति के साथ बैठक कर जिलाधिकारी ने समन्वय आधारित कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मंदिर प्रबंधन आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जनपद के सभी प्रमुख शिवालयों में इसी प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त संख्या में स्थापना, पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था और एक समन्वित कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए। इस कंट्रोल रूम में नगर निगम, पुलिस, केस्को, जल संस्थान सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त नगर निगम, पुलिस विभाग, केस्को, जल संस्थान और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अंत में स्पष्ट शब्दों में कहा कि महाशिवरात्रि आस्था का बड़ा पर्व है और प्रशासन की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम दर्शन की सुविधा मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद