कानपुर— कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दबंगों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक घर के बाहर खड़ी कार पर बम फेंक दिया। धमाका इतना तेज था कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग नींद से जागकर घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट के बाद कार चंद मिनटों में आग के गोले में तब्दील हो गई और दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। हसनपुर निवासी मनमोहन यादव, जो एक निजी संस्थान में कार्यरत हैं, ने बताया कि वह रोज की तरह रात करीब 9 बजे ऑफिस से लौटकर अपनी कार घर के बाहर खड़ी कर चुके थे। इसके बाद सभी लोग सो गए। रात करीब 2 बजे अचानक हुए जोरदार धमाके से उनकी और आसपास के लोगों की नींद खुल गई। बाहर निकलकर देखा तो उनकी कार धू-धू कर जल रही थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों और घरों को भी नुकसान पहुंचने का खतरा बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाके की आवाज इतनी भयानक थी कि कई लोग इसे गैस सिलेंडर फटने जैसी घटना समझ बैठे। कुछ देर के लिए पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
पीड़ित मनमोहन यादव का कहना है कि तीन दिन पहले गाड़ी निकालने को लेकर दो बाइक सवार युवकों से उनकी तीखी कहासुनी हुई थी। उसी दौरान विवाद काफी बढ़ गया था, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया। मनमोहन ने आशंका जताई है कि उसी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी किसी से कोई अन्य निजी दुश्मनी नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही रावतपुर थाना की पुलिस और 112 पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर मौके से साक्ष्य एकत्र किए गए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किस प्रकार का विस्फोटक इस्तेमाल किया गया।
इस मामले में कासिम आबिदी ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पीड़ित की तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इस तरह खुलेआम बमबाजी की घटनाएं होने लगीं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो जाएगा। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की वारदात करने की हिम्मत न कर सके।