महाकाल एक्सप्रेस पर पथराव

कानपुर। कानपुर से उज्जैन (महाकाल) जा रही ट्रेन संख्या 20415 वाराणसी–इंदौर महाकाल एक्सप्रेस एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। अराजक तत्वों ने ट्रेन पर अचानक पथराव कर दिया, जिससे फर्स्ट एसी कोच के शीशे चकनाचूर हो गए और यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। यह सनसनीखेज घटना गोविंदपुरी स्टेशन से आगे भीमसेन के पास उस समय हुई, जब ट्रेन तेज रफ्तार में थी।
जानकारी के अनुसार, महाकाल एक्सप्रेस जैसे ही कानपुर सेंट्रल से रवाना होकर गोविंदपुरी स्टेशन को पार कर भीमसेन स्टेशन के नजदीक पहुंची, तभी ट्रैक किनारे छिपे अराजक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने कोच संख्या M1 (फर्स्ट एसी) को निशाना बनाते हुए भारी ईंट और पत्थर फेंके। पत्थरों की रफ्तार इतनी तेज थी कि कोच की खिड़की में लगा मजबूत डबल-लेयर कांच पूरी तरह टूट गया।
गनीमत यह रही कि पत्थर कांच तोड़कर सीधे किसी यात्री को नहीं लगा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। फर्स्ट एसी कोच में बैठे यात्री अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर घबरा गए। यात्रियों का कहना है कि पत्थर लगने की आवाज इतनी जोरदार थी कि उन्हें कुछ पल के लिए ऐसा लगा मानो कोई विस्फोट हो गया हो। घटना के बाद कोच के अंदर अफरा-तफरी मच गई और यात्री दहशत में आ गए।
ट्रेन में मौजूद कुछ यात्रियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि फर्स्ट एसी कोच की खिड़की का शीशा पूरी तरह टूटा हुआ है और यात्री सहमे हुए नजर आ रहे हैं। अंधेरा होने के कारण पथराव करने वालों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी हरकत में आ गई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित कर दी गई है। भीमसेन और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है तथा रेलवे ट्रैक के किनारे सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस रूट पर गश्त और निगरानी और सख्त की जाएगी।
गौरतलब है कि कानपुर और उसके आसपास के इलाकों में ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इसके बावजूद इस तरह की वारदात का दोहराया जाना रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। खासतौर पर तीर्थ यात्रियों से भरी महाकाल एक्सप्रेस जैसी ट्रेन पर हमला होना चिंता का विषय माना जा रहा है।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और ट्रैक किनारे निगरानी को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। यात्रियों का कहना है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो किसी दिन यह लापरवाही बड़े हादसे में बदल सकती है।
फिलहाल ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया है और रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है। अब देखना होगा कि पथराव करने वाले अराजक तत्वों पर कब और कैसी कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद