कानपुर। कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। सेवानिवृत्त केस्को कर्मी ने अपनी ही पत्नी की लोहे की साबड़ से नृशंस हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित घर के अंदर से बाहर निकल आया और मेनगेट के पास बैठ गया, जबकि भीतर पत्नी का शव खून से लथपथ पड़ा रहा। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, कर्रही पुरानी बस्ती निवासी 75 वर्षीय साहेब लाल केस्को में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। उनके परिवार में 65 वर्षीय पत्नी ललिता, दो बेटे महेंद्र और सुरेंद्र तथा चार शादीशुदा बेटियां आशा, ज्योति, सोनी और मोनी हैं। बड़ा बेटा महेंद्र परिवार सहित पास में ही बने दूसरे मकान में रहता है, जबकि अविवाहित बेटा सुरेंद्र, जो पुताई का काम करता है, माता-पिता के साथ उसी घर में रहता था।

सोमवार सुबह करीब नौ बजे सुरेंद्र काम पर जरौली चला गया था। उस समय घर में केवल साहेब लाल और उनकी पत्नी ललिता मौजूद थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे हिंसक हो गया। गुस्से में आकर साहेब लाल ने घर में रखी लोहे की साबड़ उठाकर पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही ललिता की मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपित ने न तो भागने की कोशिश की और न ही किसी को सूचना दी। वह घर से बाहर निकलकर मेनगेट के पास चुपचाप बैठ गया। कुछ देर बाद इलाके में रहने वाला उसका भाई महेश करीब दस बजे घर पहुंचा। उसने देखा कि साहेब लाल मेनगेट के पास बैठे हैं। जब उसने भाभी के बारे में पूछा तो साहेब लाल ने कोई जवाब नहीं दिया। अनहोनी की आशंका होने पर महेश जैसे ही मेनगेट खोलकर अंदर गया, तो सामने ललिता का खून से लथपथ शव पड़ा देख उसकी चीख निकल गई। शव के पास ही हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की साबड़ भी पड़ी थी।

महेश ने तत्काल भतीजों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित साहेब लाल को हिरासत में ले लिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए, इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी और एडीसीपी योगेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। डीसीपी दक्षिण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम और दहशत का माहौल है। पड़ोसियों का कहना है कि साहेब लाल और ललिता के बीच कभी-कभी कहासुनी होती थी, लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि मामला इस कदर खौफनाक मोड़ ले लेगा। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर घटना के पीछे की असल वजह जानने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद