बीच सड़क विधायक का हाई-वोल्टेज ड्रामा, इंजीनियर को बताया ‘टोटली स्टुपिड’

कानपुर में गुरुवार को उस वक्त बीच सड़क हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब समाजवादी पार्टी के विधायक मोहम्मद हसन रूमी का पारा अचानक चढ़ गया। जाजमऊ क्षेत्र में नमामि गंगे योजना के तहत हो रही खुदाई को देखकर विधायक इस कदर नाराज़ हुए कि उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियर की खुलेआम क्लास लगा दी। विधायक का गुस्सा सिर्फ हिंदी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अंग्रेजी में भी जमकर फूटा, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला गुरुवार दोपहर करीब 3:40 बजे बीकेडी चौराहे का है, जहां वाबाग (WABAG) नामक संस्था नमामि गंगे परियोजना के तहत पानी की पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई कर रही थी। चूंकि यह इलाका घनी आबादी वाला है और सड़क पर दिनभर भारी आवागमन रहता है, ऐसे में स्थानीय लोगों ने खुदाई का विरोध शुरू कर दिया और इसकी सूचना क्षेत्रीय विधायक हसन रूमी को दे दी।सूचना मिलते ही विधायक मौके पर पहुंचे और सड़क की हालत देखकर बुरी तरह भड़क गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विधायक ने इंजीनियर से एनओसी (NOC) मांगी, लेकिन कागजात मौके पर नहीं दिखाए जा सके। इसी बात पर विधायक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने इंजीनियर को “पागलमैन”, “स्टुपिड”, “यू आर टोटली स्टुपिड” और “ब्लडी बस्टर्ड मैन” जैसे शब्द कहकर जमकर फटकार लगाई।
विधायक ने सख्त लहजे में सवाल किया कि जब एनओसी की वैधता ही स्पष्ट नहीं है तो सड़क क्यों खोदी जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि समय सीमा खत्म होने के बाद क्या इसकी जिम्मेदारी कोई लेगा? साथ ही मौके पर ही काम को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया।
हंगामे के बाद विधायक हसन रूमी ने अपने गुस्से की वजह भी साफ की। उन्होंने बताया कि जिस सड़क को खोदा जा रहा है, उसे उन्होंने अपनी विधायक निधि से महज दो महीने पहले ही बनवाया था। सड़क अभी पूरी तरह सेट भी नहीं हुई थी कि उसे फिर से खोद दिया गया।

विधायक ने वाबाग कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी ने पूरे जाजमऊ इलाके को खोदकर अव्यवस्थित कर दिया है। जहां-जहां खुदाई होती है, वहां न तो समय पर मरम्मत कराई जाती है और न ही मलबा हटाया जाता है। गड्ढों को ऐसे ही छोड़ दिया जाता है, जिससे आए दिन वाहन फंसते हैं और लंबा जाम लग जाता है।उन्होंने बताया कि यह सड़क मंदिर और दरगाह दोनों की ओर जाती है, जिससे श्रद्धालुओं और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खुदाई के कारण क्षेत्र में जनता का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है।विधायक हसन रूमी ने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक पहले खोदी गई सड़कों की मरम्मत पूरी नहीं की जाती, तब तक किसी भी नए काम की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने साफ कर दिया कि जनता की सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, चाहे इसके लिए कितना ही बड़ा फैसला क्यों न लेना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद