“May I Help You” जैकेट में दिखी कानपुर पुलिस

कानपुर। जनता और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करने तथा नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कानपुर पुलिस ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के निर्देश पर शुक्रवार को शहर के व्यस्ततम घंटाघर चौराहे से इस विशेष अभियान की शुरुआत की गई, जिसके तहत पुलिसकर्मियों को “May I Help You” लिखी विशेष जैकेट पहनाकर तैनात किया गया। इस पहल का उद्देश्य राहगीरों, यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है। अभियान की शुरुआत के दौरान पुलिस उपायुक्त (लाइन्स) शिवा सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) अंजली विश्वकर्मा, प्रशिक्षु आईपीएस सुमेध मिलिंद जाधव, एसीपी कलक्टरगंज आनंद कुमार ओझा एवं एसीपी अनवरगंज अभिषेक कुमार राहुल उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्वयं पुलिसकर्मियों को जैकेट पहनाकर उन्हें जनता के प्रति संवेदनशील, सहयोगी और मददगार बनने के निर्देश दिए। अक्सर बाहरी शहरों से आने वाले यात्री रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमित हो जाते हैं, ऐसे में “May I Help You” जैकेट पहनने वाले पुलिसकर्मी आसानी से पहचाने जा सकेंगे और लोग बिना संकोच उनसे मार्गदर्शन, जानकारी या सहायता प्राप्त कर सकेंगे। किसी भी आपात स्थिति, अपराध की आशंका या सामान खोने जैसी घटनाओं में ये पुलिसकर्मी तुरंत मदद पहुंचाएंगे। पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वे जनता की समस्याओं को शालीनता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ सुनें तथा उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से पुलिस का मानवीय और सहयोगी चेहरा जनता के सामने आएगा, जैकेट के माध्यम से पुलिस की दृश्यता बढ़ेगी, जिससे असामाजिक तत्वों में भय और आम नागरिकों में विश्वास का माहौल बनेगा। कानपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा और जनहित से जुड़ी ऐसी सकारात्मक पहलें भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद