कानपुर।
कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 के अंतर्गत निर्माणाधीन एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी–बर्रा-8 एलिवेटेड सेक्शन का कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है। लगभग 4.50 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड सेक्शन पर बन रहे विजय नगर चौराहा और बर्रा-8 मेट्रो स्टेशनों के सभी डबल टी-गर्डर्स का इरेक्शन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही दोनों स्टेशनों के स्टेशन बॉक्स की संरचना अब स्पष्ट रूप से आकार लेने लगी है।
कानपुर मेट्रो की एलिवेटेड अवसंरचना में स्टेशन बॉक्स को आधार देने के लिए डबल टी-गर्डर्स का प्रयोग किया जाता है। कॉरिडोर-2 के एलिवेटेड सेक्शन के लिए कुल 141 डबल टी-गर्डर्स प्रस्तावित हैं, जिनमें से आधे से अधिक का इरेक्शन कार्य पूरा हो चुका है। निर्माणाधीन विजय नगर चौराहा स्टेशन के लिए कुल 44 डबल टी-गर्डर्स और बर्रा-8 स्टेशन के लिए 21 डबल टी-गर्डर्स का सफलतापूर्वक इरेक्शन किया गया है। इससे पूर्व जनवरी 2026 में इसी कॉरिडोर के बर्रा-7 स्टेशन पर भी डबल टी-गर्डर्स का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि कॉरिडोर-1 के बैलेंस सेक्शन (कानपुर सेंट्रल–नौबस्ता) की तरह ही कॉरिडोर-2 के एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी–बर्रा-8 एलिवेटेड सेक्शन का सिविल निर्माण भी तीव्र गति से किया जा रहा है, जिसे वर्ष 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे लक्ष्य तय कर उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि देश में एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों के कॉनकोर्स लेवल को आधार देने के लिए डबल टी-गर्डर्स का प्रयोग सबसे पहले कानपुर मेट्रो परियोजना में किया गया, जो उत्तर प्रदेश मेट्रो के इंजीनियरों की तकनीकी दक्षता को दर्शाता है। यूपीएमआरसी की टीम शहरवासियों को समय पर मेट्रो सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
गौरतलब है कि लगभग 24 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 (आईआईटी–नौबस्ता) के तहत कानपुर मेट्रो की यात्री सेवाएं वर्तमान में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 16 किलोमीटर के रूट पर संचालित हो रही हैं। वहीं कॉरिडोर-1 के शेष हिस्से (कानपुर सेंट्रल–नौबस्ता) पर परीक्षण प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने वाली है।
इसके अतिरिक्त लगभग 8.60 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए–बर्रा-8) के अंतर्गत 4.50 किलोमीटर एलिवेटेड सेक्शन (एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी–बर्रा-8) और 4.10 किलोमीटर अंडरग्राउंड सेक्शन (रावतपुर–डबल पुलिया) का सिविल निर्माण कार्य भी तेजी से प्रगति पर है।
विजय नगर चौराहा और बर्रा-8 मेट्रो स्टेशन लेने लगे आकार