छात्र का शव मिला, सुसाइड नोट बरामद

कानपुर—बिठूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चाचा के घर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। छात्र का शव घर के हॉल में पड़ा मिला। पुलिस को मौके से एक कथित सुसाइड नोट और कुछ संदिग्ध वस्तुएं बरामद हुई हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। मृतक छात्र अपने चाचा के घर रहकर भविष्य की तैयारी कर रहा था। घटना का पता उस समय चला जब छात्र के दोस्तों ने उसे लगातार फोन किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर जब घर के भीतर जाकर देखा गया तो हॉल में छात्र का शव पड़ा देख परिजनों के होश उड़ गए। शोर मचने पर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता और संदिग्ध हालात को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट सहित अन्य अहम साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस सूत्रों के अनुसार मौके से मिले सुसाइड नोट की लिखावट और उसमें लिखी बातों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। छात्र के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि छात्र मानसिक रूप से मजबूत था, ऐसे में अचानक इस तरह की घटना कई सवाल खड़े करती है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है। फिलहाल पुलिस छात्र के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, मैसेज और दोस्तों से पूछताछ कर हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद