कानपुर—नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में मंगलवार को एक भावुक और गरिमामई कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां महापौर प्रमिला पांडेय ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नगर निगम के दिवंगत कर्मचारियों के 21 मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र पाकर आश्रितों के चेहरे खिल उठे और महापौर ने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान कुल 21 आश्रितों को उनकी योग्यता के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में नियुक्त किया गया, जिनमें प्रशासनिक पद पर 01 कनिष्ठ लिपिक, चतुर्थ श्रेणी पदों में 03 चपरासी, 01 स्विचमैन, 03 बेलदार, 01 माली एवं 01 जल्लाद तथा स्वास्थ्य विभाग में 11 सफाई कर्मचारी शामिल हैं। इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी (कार्मिक) ध्रुव नारायण यादव और कार्यालय अधीक्षक (कार्मिक) चंद्र प्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एक ओर जहां मृतक आश्रितों को राहत दी गई, वहीं दूसरी ओर शहर की व्यवस्थाओं को लेकर महापौर प्रमिला पांडेय ने सख्त रुख अपनाते हुए आगामी होली और गंगा मेला को देखते हुए नगर निगम को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। शहर की साफ-सफाई और कूड़ा उठान व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से बुधवार 04 फरवरी 2026 को दोपहर 12 बजे नगर निगम मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई गई है, जिसमें गंगा मेला हटिया के पारंपरिक ठेला व्यवस्था, सरसैया घाट में होली मिलन कार्यक्रम की विशेष तैयारियां, शहर के सभी वार्डों में कूड़ा उठान और स्वच्छता सुनिश्चित करने जैसे बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त (प्रथम एवं द्वितीय), मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य अभियंता (सिविल), महाप्रबंधक जलकल, समस्त जोनल अधिकारी, अधिशासी अभियंता तथा सभी जोनल स्वच्छता अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
महापौर ने 21 मृतक आश्रितों को सौंपे नियुक्ति पत्र, होली व गंगा मेला को लेकर आज होगी अहम समीक्षा बैठक