तीन महीने में टूटा प्रेम विवाह, पत्नी की संदिग्ध मौत; हत्या का आरोप लगते ही पति फरार

कानपुर।
पनकी थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के महज तीन महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। महिला की रस्सी से गला कसकर हत्या किए जाने का आरोप पति पर लगाया गया है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा है। मृतका दो बच्चों की मां थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मामला शताब्दीनगर स्थित रामगंगा इनक्लेव का है, जहां तीसरी मंजिल पर किराये के मकान में शोएब खान उर्फ सौरभ और उसकी पत्नी दीपिका सैनी (27) रह रहे थे। दोनों ने अक्टूबर 2025 में प्रेम विवाह किया था। बताया गया है कि यह दोनों की दूसरी शादी थी। दीपिका का पहले पति खालिद से तलाक हो चुका था, जिससे उसके दो बच्चे — रुद्र और अनिरुद हैं।
सोमवार शाम दीपिका की मां घर पहुंची थीं। आरोप है कि उस समय तक शोएब घर में मौजूद था, लेकिन जैसे ही पुलिस को सूचना दी गई, वह मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
पनकी थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की गर्दन पर रस्सी से कसने के स्पष्ट निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। घटना के समय मृतका का चार वर्षीय बेटा रुद्र घर के अंदर मौजूद था। पुलिस ने बच्चे से भी बातचीत कर परिस्थितियों की जानकारी जुटाई है।
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। डीसीपी पश्चिम के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। कुछ पड़ोसियों ने बताया कि शोएब ने दरवाजा तोड़कर दूसरे कमरे में फंदे से लटकी दीपिका को नीचे उतारा और उसे बेड पर लिटाया था। ऐसे में अभी किसी एक निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
मृतका की मां ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि महिला के परिजनों की ओर से जो भी तहरीर दी जाएगी, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पति शोएब की तलाश के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं, साथ ही पश्चिम जोन की सर्विलांस टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। आरोपी अहमदाबाद में ट्रक चालक के रूप में कार्य करता है, ऐसे में अन्य राज्यों में भी उसकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल यह मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझा हुआ है, और पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और गवाहों के बयान सामने आने के बाद ही सच्चाई पूरी तरह उजागर हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद