राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर 25 जनवरी को सभी बूथों पर विशेष अभियान

कानपुर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद कानपुर नगर में मतदाता सूची को अद्यतन करने और अधिक से अधिक नागरिकों को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से 25 जनवरी को विशेष ‘बूथ डे’ का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने दी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के दिन जनपद के सभी 3770 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे और मतदाताओं से संबंधित विभिन्न प्रकार के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत नए मतदाताओं का पंजीकरण, मतदाता सूची से नाम विलोपन, प्रविष्टियों में संशोधन, पता परिवर्तन तथा डुप्लीकेट मतदाता पहचान पत्र से जुड़े आवेदन लिए जाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि 25 जनवरी के अतिरिक्त 31 जनवरी और 01 फरवरी को भी विशेष ‘बूथ डे’ आयोजित किया जाएगा। इन तिथियों पर भी मतदाता सीधे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं और आवश्यक आवेदन कर सकते हैं। सभी बीएलओ पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे।
विवेक चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में शामिल होने के लिए वही व्यक्ति पात्र हैं, जो अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हों अथवा उक्त तिथि को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर लेंगे। इसके साथ ही 01 अप्रैल, 01 जुलाई और 01 अक्टूबर को अर्हता तिथि मानते हुए 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे और नियमानुसार उनके नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मतदाता संबंधित आवेदन निर्धारित प्रारूपों में ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से भर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, बूथ लेवल अधिकारी अथवा विशेष अभियान की तिथियों में सीधे मतदान केंद्र पर उपस्थित बीएलओ को सौंपे जा सकते हैं। राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों द्वारा प्रस्तुत आवेदन पत्रों से संबंधित विधानसभावार सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी, कानपुर नगर की आधिकारिक वेबसाइट पर देखी जा सकती हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इन निर्धारित तिथियों का अधिकतम लाभ उठाएं और अपने साथ-साथ अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना इस दिशा में पहला और महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद