कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के 22 जनवरी को प्रस्तावित कानपुर आगमन को ऐतिहासिक, भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से बुधवार को सर्किट हाउस में एक वृहत तैयारी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की, जबकि प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी अनूप गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं स्वागत व्यवस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान यह स्पष्ट किया गया कि कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का यह पहला आगमन है, जिसे संगठनात्मक शक्ति, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के प्रतीक के रूप में यादगार बनाया जाएगा।बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए भव्य रोड शो का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से वे कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे और संगठन को नई ऊर्जा व दिशा देने का संदेश देंगे। रोड शो के दौरान प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और सामाजिक महापुरुषों के नाम से स्थापित भव्य तोरण द्वार स्वागत की विशेष पहचान होंगे।
इससे पूर्व प्रातः 9 बजे प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, महानगर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी एवं शिवराम सिंह ने जाजमऊ से लेकर कानपुर विश्वविद्यालय तक प्रस्तावित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मार्ग में आने वाले सभी प्रमुख चौराहों पर स्वागत व्यवस्था, सुरक्षा, सजावट और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि महानगर के दो दर्जन से अधिक प्रमुख चौराहों को विशेष रूप से सजाया जाएगा। जाजमऊ से लालबंगला, पंडित होटल, कैंट, नरोना चौराहा, फूलबाग, बड़ा चौराहा, परेड, चुन्नीगंज, बजरिया से ईदगाह, हर्षनगर, मोतीझील गोल चौराहा, रावतपुर होते हुए कानपुर विश्वविद्यालय तक पूरे मार्ग को स्वागत के रंग में सजाया जाएगा। प्रत्येक चौराहे पर जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इसी क्रम में दोपहर में भाजपा युवा मोर्चा कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष सुनील साहू ने क्षेत्रीय कार्यालय में एक अलग बैठक आयोजित की। बैठक में युवा मोर्चा के क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं सभी जिलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे। निर्णय लिया गया कि युवा मोर्चा की ओर से नरोना चौराहा पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का भव्य स्वागत किया जाएगा।
युवा मोर्चा की बैठक में अमित बाथम, खेमराज शर्मा, सचिन शुक्ला, मनीष बाजपेई, शिवांग मिश्र, अंकित गुप्ता, प्रवेश कटियार, रविंद्र सिंह चौहान सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
सर्किट हाउस में आयोजित मुख्य बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई, कमलावती सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री संत विलास शिवहरे, पूनम द्विवेदी, अनीता गुप्ता, सुनील तिवारी, आनंद राजपाल, कानपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष उपेंद्र पासवान, महानगर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, विधायक महेश त्रिवेदी, नीलिमा कटियार, सुरेश अवस्थी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं अनुशासन के साथ अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि 22 जनवरी का दिन संगठन के लिए एक नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बने।
22 जनवरी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का कानपुर में होगा भव्य एवं दिव्य स्वागत