कानपुर।
टेस्ट प्रिपरेटरी सेवाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी संस्था एईएसएल (AESL) ने भारतीय सेना के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य भारतीय सेना के कर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण और शैक्षणिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। इस पहल के अंतर्गत वर्तमान में सेवा दे रहे सैनिकों, सेवानिवृत्त कर्मियों, गैलेंट्री पुरस्कार विजेताओं, दिव्यांग सैनिकों तथा ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सैनिकों के परिवारों को लाभ प्रदान किया जाएगा।
इस समझौते के तहत एईएसएल देशभर में स्थित अपने सभी केंद्रों और शाखाओं में प्रवेश लेने वाले भारतीय सेना से जुड़े विद्यार्थियों को विशेष शैक्षणिक सुविधाएं और छात्रवृत्तियाँ उपलब्ध कराएगा। एमओयू पर भारतीय सेना की ओर से कर्नल, सेरेमोनियल एंड वेलफेयर तथा एईएसएल की ओर से डॉ. यश पाल, चीफ अकैडमिक एंड बिज़नेस हेड (दिल्ली-एनसीआर) ने हस्ताक्षर किए।
एमओयू के अंतर्गत दी जाने वाली छात्रवृत्तियों की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सैनिकों के बच्चों को केवल रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी, जबकि शेष सभी फीस में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। वहीं 20 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले सैनिकों और वीरता पुरस्कार विजेताओं के बच्चों को भी 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस में छूट प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त सेवारत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों के बच्चों को 20 प्रतिशत ट्यूशन फीस में छूट मिलेगी, जो अन्य लागू छात्रवृत्तियों को घटाने के बाद प्रभावी होगी।
एईएसएल ने यह भी स्पष्ट किया कि इन विशेष छात्रवृत्तियों के साथ-साथ संस्था की पहले से संचालित सामान्य स्कॉलरशिप योजनाएं भी यथावत जारी रहेंगी, जिनका लाभ प्रवेश लेने के इच्छुक सभी विद्यार्थियों को मिलता रहेगा। इस अवसर पर एईएसएल के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ चंद्र शेखर गरिसा रेड्डी ने कहा कि एईएसएल में यह विश्वास दृढ़ है कि शिक्षा ही उज्जवल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। भारतीय सेना के साथ यह साझेदारी हमारे बहादुर सैनिकों के त्याग और समर्पण का सम्मान है। स्कॉलरशिप, मेंटरिंग और काउंसलिंग के माध्यम से हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि सैनिकों के बच्चे अपनी पूरी क्षमता को पहचान सकें और अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट नेतृत्व स्थापित कर सकें।कार्यक्रम के दौरान असिस्टेंट डायरेक्टर संजय तिवारी, असिस्टेंट डायरेक्टर आशिफ सिंह एवं ब्रांच हेड राजीव मल्होत्रा भी उपस्थित रहे।
एईएसएल ने भारतीय सेना के साथ किया एमओयू, सैनिकों व उनके परिवारों को मिलेगी विशेष शैक्षणिक सहायता