कानपुर। गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विधायक सुरेंद्र मैथानी द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में अपने बूथ संख्या–24 के प्रवास के दौरान विधायक सुरेंद्र मैथानी ने काशीराम कॉलोनी की बस्ती-बस्ती में पहुंचकर घर-घर कुंडी खटखटाई और आम जनमानस को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने एवं उसकी अनिवार्य जांच कराने के लिए जागरूक किया।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने प्रत्येक दुकान, हर मकान में जाकर लोगों से सीधे संवाद किया और मतदाता सूची से संबंधित फॉर्म वितरित करते हुए अपील की कि वे यह मानकर न बैठें कि उनका नाम स्वतः मतदाता सूची में दर्ज है। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि प्रत्येक नागरिक स्वयं अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य चेक करे, क्योंकि संभव है कि किसी कारणवश उनका नाम सूची से कट गया हो।
इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि गोविंदनगर विधानसभा क्षेत्र में अब तक लगभग एक लाख वोट कट चुके हैं, जबकि SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के अंतर्गत फॉर्म भरने के बावजूद करीब 34 हजार मतदाताओं के नाम विगत प्रकाशित मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि लोगों का नाम वास्तव में सूची में सुरक्षित होता, तो फिर ये 34 हजार मतदाता कौन हैं, जिन्होंने फॉर्म तो भरा लेकिन उनका नाम सूची से कट गया।
विधायक ने लोगों से अपील की कि वे इस भ्रम में न रहें कि केवल SIR फॉर्म भर देने से उनका नाम मतदाता सूची में अवश्य ही शामिल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि घर बैठे यह सोच लेना सबसे बड़ी भूल हो सकती है। इसलिए समय रहते मतदाता सूची की जांच कर लेना अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में जब आधार कार्ड से संबंधित किसी भी प्रकार की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, तब वोटर आईडी कार्ड एक महत्वपूर्ण पहचान पत्र के रूप में हमारी पहचान साबित होगा। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व बनता है कि वह अभी से जागरूक होकर अपने मतदाता होने के अधिकार को सुरक्षित रखे और अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच ले।इस जागरूकता अभियान एवं भ्रमण कार्यक्रम में विधायक सुरेंद्र मैथानी के साथ मंडल अध्यक्ष दीपक शुक्ला, अजय शुक्ला, सुमित सरोज, अशोक दद्दा, धीरज कुमार, धीरज सोनकर, धर्मेंद्र, अश्वनी तिवारी, रागेन्द्र वर्मा, शिवम सिंह, अंजीनीश सिंह, आदित्य वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर लोगों को लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
काशीराम कॉलोनी में घर-घर जाकर मतदाता जागरूकता अभियान