सुस्त पुलिसिंग में दबंगों का तांडव, भाजपा नेता के घर पथराव

कानपुर नगर। चकेरी थाना अंतर्गत श्याम नगर क्षेत्र में सुस्त पुलिसिंग के चलते दबंगों और नशेबाजों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि वे अब पुलिस की मौजूदगी में भी कानून को खुली चुनौती दे रहे हैं। इसी का ताजा उदाहरण बीती 14 जनवरी की देर रात देखने को मिला, जब नशेबाजी का विरोध करना भाजपा नेता को भारी पड़ गया और उनके घर पर पथराव कर दिया गया। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कानपुर नगर से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एवं भाजपा नेता राजीव मिश्रा “महाराज” के साथ यह घटना 14 जनवरी 2026 की रात करीब 11:30 बजे हुई। बताया गया कि राजीव मिश्रा पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी हैं, जो स्वास्थ्य खराब होने के चलते स्वरूप नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें देखकर वापस लौटते समय जब वे अपने श्याम नगर स्थित आवास पहुंचे, तो उनके घर के सामने डिफेन्स प्रतिबंधित क्षेत्र में 4–5 युवक नशेबाजी करते हुए पाए गए।जब भाजपा नेता ने इसका विरोध किया और युवकों को वहां से हटने के लिए कहा, तो वे उल्टा गाली-गलौज पर उतर आए। आरोप है कि उनमें से कार्तिक पुत्र उमेश और सुनील वर्मा नामक युवक ज्यादा आक्रामक हो गए। स्थिति बिगड़ती देख तत्काल श्याम नगर चौकी प्रभारी अनीष कुमार को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
लेकिन पुलिस के पहुंचने के बावजूद मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। आरोप है कि कार्तिक ने अपने बड़े भाई अनुराग मिश्रा को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में अनुराग मिश्रा अपनी इको स्पोर्ट्स कार (नंबर UP78 5222) से 10–12 युवकों को लेकर मौके पर पहुंचा। सभी युवक लाठी-डंडों से लैस थे और पुलिस की मौजूदगी में ही उन्होंने भाजपा नेता के परिवार के ऊपर हमला बोल दिया।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने भद्दी-भद्दी गालियां दीं, मारपीट की कोशिश की और इसके बाद उनके आवास पर जमकर पथराव किया। पुलिस द्वारा बीच-बचाव किए जाने पर आरोपी उमेश पुत्र रामकिशन, कार्तिक पुत्र उमेश कुमार, अनुराग मिश्रा पुत्र रमेश चंद्र मिश्रा, दिनेश मिश्रा पुत्र रामकिशन सहित अन्य लोग मौके से भाग निकले। बताया जा रहा है कि इस पूरी घटना का वीडियो भी पुलिस ने मौके पर रिकॉर्ड किया है।
राजीव मिश्रा ने अपने शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि अनुराग मिश्रा के पिता रमेश चंद्र मिश्रा द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध रूप से जीएस लैंड पर नर्सिंग होम का निर्माण किया गया है, जहां इलाज के दौरान कई मौतें होने की बात भी क्षेत्र में चर्चा का विषय रही है। इस पृष्ठभूमि के चलते पीड़ित ने दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
घटना से आहत भाजपा नेता राजीव मिश्रा ने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर की है। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, ताकि क्षेत्र में कानून का भय कायम हो और आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सके। पीड़ित का कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए तो दबंगों के हौसले और बढ़ेंगे और आम जनता का कानून-व्यवस्था से विश्वास उठ जाएगा। फिलहाल, इस घटना ने श्याम नगर क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद