कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद एक बार फिर हिंसक रूप में सामने आया। मंगलवार देर शाम दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो राजकीय उन्नयन बस्ती क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसमें 10 से अधिक महिलाएं और पुरुष हाथों में लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में अफरा-तफरी का माहौल साफ नजर आ रहा है। मारपीट में बुरी तरह घायल युवक की पहचान राजकीय उन्नयन बस्ती निवासी ऑटो चालक निखिल के रूप में हुई है, जबकि दूसरे पक्ष से सोनू भी घायल हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मारपीट खत्म हो चुकी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार को दोनों पक्षों के बीच जन्मदिन की पार्टी के दौरान डांस करने को लेकर विवाद हुआ था। उस समय भी 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की थी।
बताया जा रहा है कि सोमवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन इसके अगले ही दिन मंगलवार को फिर से विवाद भड़क उठा और बात लाठी-डंडों तक पहुंच गई। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हो गई है और वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है। घायलों का उपचार जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।
मारपीट करने वालों की पहचान वायरल वीडियो के आधार पर की जा रही है। दोनों पक्षों से मिली तहरीर के अनुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बर्थडे पार्टी विवाद में फिर चली लाठियां, कल्याणपुर में दो युवक घायल, वीडियो वायरल