कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी करने आए दो चोरों में से एक को मकान मालिक ने साहस दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरा करीब पांच लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पनकी के स्वराज नगर निवासी दिलीप पाल निजी संस्थान में कार्यरत हैं और परिवार के साथ रहते हैं। दिलीप पाल के अनुसार 27 दिसंबर को वे मोहल्ले में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब 11 बजे जब वे अचानक घर लौटे तो देखा कि घर का मुख्य गेट खुला हुआ है। अंदर जाने पर दो युवक घर में घुसे मिले।
विरोध करने पर दोनों चोरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और चोरी का सामान लेकर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान दिलीप पाल ने साहस दिखाते हुए दो चोरों में से एक युवक को पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
चोर घर से दो सोने की चेन, दो जोड़ी कान की बाली, मंगलसूत्र, चांदी के एक जोड़ी कड़े, तीन सोने की अंगूठी, बच्चों के तीन लॉकेट और करीब 50 हजार रुपये नकद लेकर भागने की फिराक में थे। मकान मालिक का कहना है कि यदि वे दो मिनट और देर से घर पहुंचते तो दोनों शातिर चोर आराम से फरार हो जाते। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी की पहचान मनोज अरोड़ा के रूप में की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है। वहीं फरार चोर की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
बंद मकान में चोरी, एक चोर पकड़ा गया, दूसरा पांच लाख का माल लेकर फरार