निराला नगर रेलवे मैदान में युवक की हत्या से हड़कंप

कानपुर।
गोविंद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत निराला नगर स्थित रेलवे मैदान में सोमवार देर शाम एक युवक की नृशंस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मैदान में युवक का नग्न और खून से लथपथ क्षत-विक्षत शव देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही गोविंद नगर थाना पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि निराला नगर रेलवे ग्राउंड में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर निरीक्षण के दौरान मृतक की पहचान राहुल अवस्थी के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार मृतक मूल रूप से थाना नर्वल क्षेत्र का निवासी था और वर्तमान में थाना हनुमंत विहार क्षेत्र में रह रहा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राहुल एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत था और रोज की तरह घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।
शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस का मानना है कि हत्यारों ने पहले युवक के कपड़े उतरवाए और फिर बेरहमी से उसकी हत्या की। शव अत्यंत क्षत-विक्षत अवस्था में पाया गया, जिससे यह वारदात बेहद नृशंस प्रतीत हो रही है। घटनास्थल के पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मृत्यु के सही कारणों और समय की पुष्टि हो सके। उन्होंने कहा कि परिजनों से तहरीर प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अभियोग पंजीकृत किया जाएगा और हत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। पुलिस टीमों को संभावित आरोपियों की तलाश में लगाया गया है और अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस जघन्य हत्या की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद