कानपुर।
युवा सामाजिक संस्था के तत्वावधान में इस वर्ष भी जरूरतमंद बच्चों के लिए निःशुल्क शिक्षा सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों को स्कूल बैग सहित आवश्यक शैक्षिक सामग्री भेंट की गई, जिससे उनके चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास झलक उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रवि शंकर हवेलकर (पूर्व सदस्य, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, राज्य सरकार समिति, उत्तर प्रदेश शासन) रहे। उन्होंने बच्चों के बीच स्कूल किट का वितरण किया और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। अपने संबोधन में उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि हमें डॉ. अम्बेडकर द्वारा बताए गए मार्ग और संविधान के रास्ते पर चलकर उनके सपनों को साकार करना है।
मुख्य अतिथि ने डॉ. अम्बेडकर के प्रसिद्ध कथन को दोहराते हुए कहा, “शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो इसे पिएगा वह दहाड़ेगा।” उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही एकमात्र ऐसी कुंजी है, जिसके माध्यम से वे अपनी सभी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं और समाज में सम्मानजनक स्थान प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर वितरित की गई शिक्षा सामग्री में लगभग 100 किलोग्राम स्कूली सामग्री शामिल रही, जिसमें स्कूल बैग, पेंसिल, रबर, टिफिन बॉक्स, मैच बॉक्स, लंच बॉक्स सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं बच्चों को दी गईं।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में को-ऑपरेटिव स्टेट के अध्यक्ष विजय कपूर उपस्थित रहे। उन्होंने जानकारी दी कि दादा नगर स्थित उनकी कोऑपरेटिव सोसाइटी द्वारा एक विद्यालय संचालित किया जा रहा है, जिसमें नर्सरी से लेकर हाई स्कूल तक के बच्चों को पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। उन्होंने गरीब और जरूरतमंद बच्चों से अपील करते हुए कहा कि जो भी बच्चे इस विद्यालय में प्रवेश लेना चाहते हैं, उनका स्वागत है और उनसे किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
मुख्य अतिथि रवि शंकर हवेलकर ने युवा सामाजिक संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था पिछले छह वर्षों से समाज में लगातार जन-कल्याणकारी कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि संस्था ने कोरोना काल में हजारों जरूरतमंदों को मुफ्त राशन और भोजन वितरण, वैक्सीनेशन में सहयोग, सैनिटाइजर व मास्क वितरण के साथ-साथ सामाजिक आयोजनों में सहयोग जैसी अनेक सेवाएं प्रदान की हैं। उन्होंने समाज के जिम्मेदार नागरिकों से संस्था की तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की।
संस्था के अध्यक्ष राकेश सिद्धार्थ ने बताया कि युवा सामाजिक संस्था प्रत्येक वर्ष लगभग 100 जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराती है। इसके साथ ही समय-समय पर वस्त्र वितरण, कंबल वितरण, ठंड में चाय वितरण जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन संस्था के अध्यक्ष राकेश सिद्धार्थ, एडवोकेट विनय, मोहम्मद काशिफ, सुशील सहित अन्य पदाधिकारियों के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।
युवा सामाजिक संस्था ने बच्चों को बांटी निःशुल्क शिक्षा सामग्री