कानपुर।
कानपुर नगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बुधवार को एक मॉडिफाइड एवं एडवांस फीचर्स से युक्त एंटी-रायट फोर-व्हीलर मोबिलिटी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अत्याधुनिक वाहन विशेष रूप से दंगा नियंत्रण, बलवा एवं आपात परिस्थितियों से निपटने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
यह एडवांस पुलिस मोबिलिटी वाहन भवानी एंटरप्राइजेज द्वारा डिजाइन एवं मॉडिफाई किया गया है। कंपनी के प्रबंध निदेशक सुयश गुप्ता ने बताया कि अक्सर रायट कंट्रोल ड्यूटी के दौरान यह समस्या सामने आती थी कि एंटी-रायट उपकरणों को रखने के लिए पुलिस वाहनों में पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं होता, जिससे आवश्यक सामग्री को व्यवस्थित रूप से ले जाना कठिन हो जाता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए इस वाहन को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।
वाहन में किए गए हैं कई अहम सुधार
इस वाहन के ऊपरी हिस्से में अतिरिक्त स्टोरेज स्पेस (रूफ बॉक्स) विकसित किया गया है, जिसमें हेलमेट, शील्ड, लाठी, आंसू गैस एवं अन्य एंटी-रायट उपकरण सुरक्षित रूप से रखे जा सकेंगे। इसके अलावा वाहन की विंडशील्ड पर हाइड्रॉलिक ग्रिल लगाई गई है, जो पथराव और हिंसक परिस्थितियों में अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करती है। इससे न केवल उपकरणों को तुरंत उपयोग में लाया जा सकेगा, बल्कि लंबे समय तक स्टोरेज के दौरान उनका नुकसान भी कम होगा।
यह मॉडिफाइड वाहन दंगा, बलवा एवं अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने में पुलिस बल के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। चूंकि इस प्रकार की घटनाएं अक्सर बिना पूर्व सूचना के अचानक उत्पन्न हो जाती हैं, ऐसे में यह एडवांस वाहन मौके पर तत्काल पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
पुलिसकर्मियों और वाहन की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
दंगा-बलवा जैसी घटनाओं में सरकारी संपत्ति, विशेषकर पुलिस वाहन, अक्सर उपद्रवियों का पहला निशाना बनते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इस वाहन की बॉडी और ग्रिल को पूरी तरह संरक्षित बनाया गया है, जिससे पथराव एवं हिंसक परिस्थितियों में वाहन के साथ-साथ उसमें तैनात पुलिसकर्मी भी सुरक्षित रह सकें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस एडवांस मोबिलिटी वाहन को यूपी-112 सेवा में तैनात किया जाएगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही भविष्य में इसी तरह के अन्य पुलिस वाहनों को भी अपग्रेड करने की योजना पर काम किया जा रहा है, ताकि कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों का और अधिक प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
इस अवसर पर संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था), संयुक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/अपराध) तथा पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
कानपुर पुलिस को मिला एडवांस एंटी-रायट वाहन