गंगा बैराज पर पुलिसकर्मियों को कुचलने वाले दो बीटेक छात्र गिरफ्तार, तीन आरोपी अब भी फरार

शराब ठेके के CCTV और UPI पेमेंट से खुली पहचान, हादसे में दरोगा का पैर टूटा
कानपुर।
कानपुर के गंगा बैराज पर चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को कार से रौंदने के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बीटेक छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके तीन अन्य साथी अभी फरार हैं। घटना के वक्त सभी आरोपी नशे की हालत में बताए जा रहे हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
यह घटना मंगलवार 23 दिसंबर की शाम की है। कोहना थाना प्रभारी प्रतीक सिंह यातायात पुलिस के साथ गंगा बैराज पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की नियमित चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्नाव की ओर से एक तेज रफ्तार कार बैराज की ओर आती दिखाई दी। चेकिंग से बचने के प्रयास में कार चालक ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की।
इस घटना में अटल घाट चौकी प्रभारी संजय कुमार, दरोगा पूरन सिंह और होमगार्ड हरि प्रकाश बाल-बाल बच गए, लेकिन दरोगा पूरन सिंह का बायां पैर गंभीर रूप से टूट गया, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार लेकर फरार हो गए और उसे फजलगंज स्थित हुंडई सर्विस सेंटर में खड़ी कर मौके से भाग निकले।
CCTV और UPI ट्रांजेक्शन से खुली पोल
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह के नेतृत्व में पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।
जांच में सामने आया कि घटना से कुछ समय पहले आरोपियों ने उन्नाव स्थित एक शराब ठेके से शराब खरीदी थी। शराब खरीदते समय का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिला, जिसमें आरोपी साफ दिखाई दे रहे थे। भुगतान UPI के माध्यम से किया गया था। यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए पुलिस संबंधित बैंक खाते तक पहुंची, जिससे आरोपियों की पहचान सुनिश्चित हो गई।
रामा यूनिवर्सिटी के दो छात्र गिरफ्तार
तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने रामा यूनिवर्सिटी के बीटेक छात्र श्याम सुंदर (23) और अभिजीत (22) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में श्याम सुंदर ने बताया कि घटना के समय अभिजीत कार में सेल्फी ले रहा था और सभी लोग नशे में थे। इसी वजह से बैरिकेडिंग दिखाई नहीं दी और हादसा हो गया।
पुलिस का कहना है कि यह केवल हादसा नहीं बल्कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमला है। आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
तीन आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद पुलिस विभाग में भी आक्रोश है। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद