कानपुर। कानपुर मेट्रो द्वारा नवोदित कलाकारों को प्रोत्साहन और मंच प्रदान करने के उद्देश्य से चलायी जा रही ‘शो योर टैलेंट’ पहल के अंतर्गत बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर एक भव्य नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ‘एटीएफ प्रोडक्शंस’ के सहयोग से आयोजित ‘कैन यू डांस’ प्रतियोगिता में नन्हे कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से स्टेशन परिसर को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।
दोपहर से प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में कुल 15 बाल कलाकारों ने एक के बाद एक फिल्मी गीतों पर आकर्षक, सधे हुए और ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने न केवल दर्शकों बल्कि मेट्रो से यात्रा कर रहे यात्रियों का भी ध्यान आकर्षित किया, जिन्होंने रुककर कार्यक्रम का आनंद लिया और जमकर तालियां बजाईं।
प्रतियोगिता के अंत में निर्णायकों द्वारा अनिशा पाठक को प्रथम, सात्विका गुप्ता को द्वितीय तथा वैष्णवी को तृतीय स्थान का विजेता घोषित किया गया। विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान यात्रियों ने इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों को मेट्रो स्टेशनों पर आयोजित किए जाने की सराहना की और इसे एक सकारात्मक पहल बताया।
कानपुर मेट्रो द्वारा संचालित ‘शो योर टैलेंट’ पहल के तहत सोलो और समूह संगीत, नृत्य, बैंड परफॉर्मेंस, स्केचिंग, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन की योजना है, ताकि उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। इस आयोजन से मेट्रो स्टेशन न केवल यात्रा का माध्यम बने, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र भी बनते नजर आए।
बाल कलाकारों की नृत्य प्रस्तुतियों से जीवंत हुआ बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन