रियायती अनमीटर्ड बिजली सुविधा छीने जाने के विरोध में केस्को कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन

कानपुर। बिजली कर्मचारियों की रियायती अनमीटर्ड बिजली सुविधा समाप्त कर घरों पर मीटर लगाए जाने के विरोध में केस्को कर्मचारियों, अभियंताओं, अवर अभियंताओं, पेंशनरों एवं संविदा कर्मियों ने अपने परिवारिक सदस्यों के साथ केसा कॉलोनी स्थित रामलीला पार्क में एकजुट होकर विरोध सभा की। सभा में बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
केस्को संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन संघर्ष का प्रथम चरण है। यदि केस्को प्रबंधन ने कर्मचारियों के आवासों पर मीटर लगाने की जिद नहीं छोड़ी, तो कर्मचारी अपने परिवारों के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि वर्षों से चली आ रही रियायती अनमीटर्ड बिजली की सुविधा को जबरन छीना जाना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सभा में उपस्थित महिलाओं ने एकजुट होकर चेतावनी दी कि यदि उनके घरों पर मीटर लगाने का प्रयास किया गया तो वे अपने बच्चों के साथ घरों से बाहर निकलकर विरोध प्रदर्शन करेंगी। इस दौरान महिलाओं और बच्चों ने “मीटर टीम हाय-हाय”, “हमारे घरों पर मीटर नहीं लगेगा” और “हमारी सुविधाएं छीनना बंद करो” जैसे नारे लगाकर आक्रोश व्यक्त किया।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि केस्को प्रबंधन कर्मचारियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के बजाय उनकी सुविधाएं समाप्त करने में लगा है। उन्होंने बताया कि वर्षों से कर्मचारियों के प्रमोशन नहीं किए जा रहे हैं, जो नियमों के विरुद्ध है। साथ ही, इलेक्ट्रिसिटी रिफॉर्म एक्ट 1999, ट्रांसफर स्कीम 2000 तथा 25 जनवरी 2000 के समझौते के बाद जारी गजट नोटिफिकेशन का उल्लंघन करते हुए विभागीय संयोजनों पर जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने का दबाव बनाया जा रहा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सभा में केस्को संघर्ष समिति के पी.एस. बाजपेई, बी.के. अवस्थी, आरिफ बेग, विजय त्रिपाठी, गौरव दीक्षित, कपिल मुनि प्रकाश, विष्णु पांडे, पवन तांबे, हशमत उल्ला खान, राकेश कुमार, शिवशंकर, एम.के. कटियार, बी.पी. अवस्थी, हरीलाल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें न मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद