हाशिमपुर में पिता ने बेटे को मारकर की खुदकुशी

कानपुर। अरौल थाना क्षेत्र के हाशिमपुर इलाके में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक सराफा कारोबारी ने अपने एक बेटे की हत्या करने के बाद खुद भी मौत को गले लगा लिया, जबकि दूसरा बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, हाशिमपुर निवासी अजय कटियार (35), जो अरौल में ‘ओम ज्वैलर्स’ के नाम से सराफा व्यवसाय करते थे, अपने दो बेटों रुद्र (12) और शुभम (7) के साथ कमरे में अंदर से बंद थे। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अरौल पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर का नजारा बेहद भयावह था। अजय कटियार जमीन पर पड़े मिले, उनके गले में साड़ी का फंदा था, जो टूटा हुआ पाया गया। वहीं दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले।

पुलिस ने तत्काल पिता और दोनों बेटों को सीएचसी बिल्हौर पहुंचाया। डॉक्टरों ने अजय कटियार और एक बेटे को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। हालांकि सुसाइड नोट में लिखी बातें फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम दिनेश त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक तनाव से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद