मनीष गुप्ता
कानपुर। किदवई नगर स्थित आलू मंडी में चिकन प्रोटीन केंद्र पर एम पी वी एस इनोवेशन्स द्वारा भारत में पहली बार विकसित किए गए इनोवेटिव मॉडल “पोल्ट्री प्रोसेसिंग बिजनेस ऑन व्हील्स” का भव्य उद्घाटन किया गया। यह मॉडल पारंपरिक खुले में कटिंग प्रथा को आधुनिक, स्वच्छ, वैज्ञानिक और हाइजेनिक व्यवस्था में बदलने वाला देश का पहला चलित (मोबाइल) पोल्ट्री प्रोसेसिंग सिस्टम है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि अंजनीश प्रताप सिंह, उपायुक्त जिला उद्योग एवं प्रोत्साहन केंद्र, उत्तर प्रदेश सरकार थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अनिल कुमार, अपर निदेशक पशुपालन विभाग, डॉ. आर. के. निरंजन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नगर निगम कानपुर तथा पोल्ट्री फेडरेशन के अध्यक्ष एफ.एम. शेख़ उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस नवाचार को पोल्ट्री उद्योग व उपभोक्ताओं के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
हाइजेनिक मॉडल जो बदलेगा मीट मार्केट का स्वरूप
मोबाइल “पोल्ट्री प्रोसेसिंग बिजनेस ऑन व्हील्स” एक पूर्णत: ई-व्हीकल आधारित यूनिट है जहाँ राहगीरों को खुले में लटकता मीट नहीं दिखता और पूरा प्रोसेस स्वच्छ एवं सुरक्षित तरीके से होता है। यह यूनिट ग्रामीण और शहरी बाज़ारों, सोसाइटीज़, अपार्टमेंट्स और गली–मोहल्लों तक ताज़ा चिकन मीट की सप्लाई दे सकती है।
व्यवसायियों के अनुसार यह मॉडल “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत, विकसित भारत, पोषण अभियान और नए रोजगार निर्माण” के बहुआयामी अभियानों से सीधे जुड़ा हुआ है और भविष्य की जरूरतों को पूरा करेगा।
सरकारी समर्थन और उद्योग की सहमति
मुख्य अतिथि अंजनीश प्रताप सिंह ने घोषणा की कि इस नवाचार को मुख्यमंत्री युवा योजना के अंतर्गत लोन सुविधा में शामिल कर लिया गया है, जिससे युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा।
सीएमओ डॉ. निरंजन ने स्वच्छ और हाइजेनिक व्यवस्था को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया, जबकि डॉ. अनिल कुमार ने आश्वस्त किया कि पशुपालन विभाग इस मॉडल के विस्तार में उद्योग के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा।
पोल्ट्री फेडरेशन अध्यक्ष एफ.एम. शेख़ ने बताया कि यह मॉडल समय की मांग है और उपभोक्ताओं एवं व्यवसायियों दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
सैकड़ों पोल्ट्री उद्यमी व किसान हुए शामिल
लखनऊ, कानपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए सेंकड़ों पोल्ट्री उत्पादक, फीड निर्माता, बर्ड्स सप्लायर और फुटकर चिकन विक्रेताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
इसमें प्रमुख रूप से —
महफूज अहमद (सलवा एग्रो), डॉ. पवन सिंह (ओमनीवॉर बायोवेट), सोहैल अहमद (J&J ग्रुप), पी.एन. सिंह (दिवा एग्रो), मनोज राठौर (शालीमार ग्रुप), डॉ. वसीम अहमद (सुगुना ग्रुप) सहित कई अग्रणी उद्यमी मौजूद रहे।
कानपुर और लखनऊ के 150 से अधिक फुटकर चिकन मीट विक्रेता, 50+ किसान, और कई बड़े सप्लायरों ने मॉडल को समझा और जल्द से जल्द इसमें शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया।
महिला पोल्ट्री विकास समिति की सक्रिय भूमिका
एम पी वी एस इनोवेशन्स से सुश्री नोरिन शेख़ ने मॉडल के उद्देश्य, तकनीक, फायदे, बिजनेस अवसर और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
समिति से श्रीमती प्रियंका सिंह, श्रीमती नीता अरखेल और विजय पांडेय ने अतिथियों का सम्मान किया।
कार्यक्रम संचालन अमित सिंह तथा स्वागत एवं धन्यवाद उद्बोधन जितेन्द्र कुमार द्वारा किया गया।
यह इनोवेटिव मॉडल पोल्ट्री उद्योग में स्वच्छता, आधुनिकता और विश्वसनीयता लाने की दिशा में एक बड़ा परिवर्तन माना जा रहा है, जो भविष्य में बड़े पैमाने पर रोजगार और सुरक्षित मीट सप्लाई सिस्टम को बढ़ावा देगा।ण