पीएम मोदी के जीवन संघर्ष और उपलब्धियों की झलक ने खींचा ध्यान
कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार परिसर में भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद रमेश अवस्थी ने किया।प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी के बचपन से लेकर देश के सर्वोच्च पद तक की प्रेरणादायी यात्रा और उनके नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक कार्यों को तस्वीरों और झलकियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। अंतरिक्ष अन्वेषण, तकनीकी नेतृत्व, महिला स्वास्थ्य, सांस्कृतिक संरक्षण, संकट के समय का नेतृत्व और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषय प्रमुख आकर्षण बने। सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को नई पहचान दी है और आज विश्व मंच पर देश की प्रतिष्ठा और सम्मान पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शनी हर नागरिक को विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और डिजिटल भारत की दिशा में प्रेरित करती है। उन्होंने जनपदवासियों से प्रदर्शनी का अवलोकन करने का आह्वान किया।