ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा, मोबाइल से चल रहा था फर्जी आईडी का खेल
कानपुर। शहर के बर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सट्टा अकाउंट फ्रॉड के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए चार युवकों को हिरासत में लिया है। जनता नगर चौकी पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात पुलिस टीम ने पिले पुल स्थित एक मकान पर छापा मारकर मौके से तीन युवकों—शिवा, सत्यम और अनमोल—को पकड़ लिया, जबकि एक अन्य युवक स्नेहिल को बाद में थाने में पैरवी के दौरान हिरासत में लिया गया। चारों पर आरोप है कि वे ऑनलाइन सट्टा और अकाउंट फ्रॉड के नेटवर्क से जुड़े हुए थे।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मोबाइल फोन के जरिए फर्जी आईडी बनाकर सट्टेबाजी का अवैध कारोबार चला रहे थे। ये लोग अलग-अलग अकाउंट बनाकर ऑनलाइन लेन-देन (डीलिंग) के माध्यम से पैसा घुमा रहे थे और बड़े स्तर पर नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कई मोबाइल फोन, संदिग्ध डाटा और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए हैं। बरामद डाटा की जांच की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
फिलहाल बर्रा थाना और जनता नगर चौकी पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
वहीं सूत्रों के अनुसार, मामले के सामने आने के बाद कुछ खाकीधारी इस प्रकरण को “सेटल” कराने की कोशिश में भी जुटे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध सट्टा कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है। अब देखना होगा कि जांच में और कौन-कौन से नाम सामने आते हैं।