बिल्हौर के उत्तरीपुरा में देर रात हादसा, युवती समेत दो घायल कानपुर रेफर
कानपुर। जनपद के बिल्हौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। उत्तरीपुरा कस्बे में जीटी रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवती समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, खजुरिया निवादा गांव निवासी 21 वर्षीय रघुवर अपने फुफेरे भाई 20 वर्षीय राहुल और उनकी 22 वर्षीय बहन कविता को बाइक से उत्तरीपुरा शांति नगर छोड़ने जा रहे थे। रात करीब 12 बजे जैसे ही उनकी बाइक उत्तरीपुरा में यूनियन बैंक के पास पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर उत्तरीपुरा निवासी 20 वर्षीय जतिन राठौर और उनके दोस्त 23 वर्षीय ओम जी सवार थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सीएचसी शिवराजपुर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद रघुवर, जतिन राठौर और ओम जी को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल और उनकी बहन कविता की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय दोनों बाइकों पर सवार युवक हेलमेट नहीं पहने थे, जिससे चोटें और गंभीर हो गईं।
उत्तरीपुरा चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खतरनाक नतीजों की याद दिलाता है।