कानपुर। चेहल्लुम और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए क्षेत्रीय थानों में पीस कमेटी की बैठकें जारी हैं। इसी क्रम में आज थाना रेलबाजार में एसीपी कैंट आकांक्षा पांडे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में कई मंदिरों के महंत, कमेटी के सदस्य और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
एसीपी पांडे ने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की उत्तेजित बयानबाज़ी या किसी धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी से बचें, ताकि सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे। उन्होंने सुजातगंज से जुलूस निकालने वाले श्री बाबू भाई को हंसते हुए कहा कि यदि आपके वॉलंटियर्स आपके निर्देशों के अनुसार नहीं चलेंगे, तो उसकी जिम्मेदारी आपको उठानी होगी।
थाना प्रभारी रेलबाजार बहादुर सिंह ने बरसात के मौसम में बिजली के खंभों और तारों से सुरक्षा हेतु 10 फीट तक की ऊँचाई वाले झंडों के प्रयोग की सलाह दी, जिससे किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने ईद-ए-ग़दीर के विवादित कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न किए जाएँ जो तनाव पैदा करें या किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाएँ।
बैठक के अंत में एसीपी पांडे ने सभी चौकी इंचार्जों को तिरंगा भेंट किया और स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मोइद अंसारी, बाबू भाई, आरिफ पहलवान शंकर लाला , जुबेर अली, रियाज़ भाई, मुजीब अंसारी, आलम भाई, जामिन अजहर, नियाजी भाई समेत कई लोग उपस्थित रहे।