कानपुर।
चकेरी थाना क्षेत्र में रहने वाले लेबर इंस्पेक्टर के सूने मकान से चोरों ने नकदी, और जेवरात पर कर दिए। पड़ोसियों ने मेन गेट का ताला टूटा देख कर गृहस्वामिनी को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंची। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, लेबर इंस्पेक्टर की पत्नी की तहरीर पर चकेरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
केडीए कालोनी, देहली सुजानपुर निवासी नीलम वर्मा ने बताया कि उनके पति राजकुमार की नोएडा में लेबर इंस्पेक्टर के पद पर तैनाती है, जबकि बच्चे कानपुर से बाहर पढ़ाई करते हैं। नीलम ने बताया कि वह बीते रविवार को पति के पास नोएडा गई थी। जिसके बाद सूने घर को देख चोरों ने अपना काम कर दिया। नीलम ने बताया कि लगभग 1.5 लाख कैश और 5 लाख के करीब जेवरात चोरी हुआ है। ताला टूटने की जानकारी सबसे पहले उनके पड़ोसी ने दी जिसके बाद सूचना पर मौके पर पहुंची चकेरी पुलिस ने जांच पड़ताल की। चकेरी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।