पीड़ित परिवार ने कानपुर प्रेस क्लब में वार्ता कर लगाए आरोप, सीसीटीवी और डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित कराने की मांग
कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में सात नवंबर को तेज रफ्तार धार कार की टक्कर से 62 वर्षीय संतोष सिंह चौहान की मौत के मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाए हैं। बुधवार को कानपुर प्रेस क्लब में वार्ता के दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के 10 दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने और उन्हें सुरक्षित रखने में लापरवाही बरती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की निगरानी में कराने की मांग की। परिजनों के अनुसार, घटना सात नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे आवास विकास-3 चौकी क्षेत्र में मिडवे रेस्टोरेंट के पास हुई थी। आरोप है कि तेज रफ्तार धार कार ने संतोष सिंह चौहान को कुचलने के बाद घसीट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समय रहते सुरक्षित नहीं की गई। मिडवे रेस्टोरेंट में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग को भी जांच में शामिल करने की मांग की गई है।
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद शाम 7:30 से रात 9 बजे तक वे लगातार फोन करते रहे, लेकिन उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। बाद में स्कूटी की जीपीएस लोकेशन के आधार पर वे घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक के शव को लावारिस के रूप में दर्ज किया गया और उनका वॉलेट भी करीब 24 घंटे बाद सौंपा गया।
परिवार ने कार चालक गीत सचान पर नशे की हालत में करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए तत्काल मेडिकल परीक्षण न कराए जाने पर सवाल उठाए। परिजनों का दावा है कि आठ नवंबर को गिरफ्तारी दिखाने के बाद उसी दिन आरोपित को 25 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
उन्होंने आरोपित और उसके पिता की कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट, लोकेशन और वित्तीय लेनदेन की जांच कराने की मांग भी की। परिवार का कहना है कि घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर निष्पक्ष विवेचना कराई जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।