चार बार असफल हुई एंडोस्कोपी, जीएसवीएम में एक प्रयास में मिली सफलता
कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने जटिल एंडोस्कोपिक प्रक्रिया के जरिए 77 वर्षीय बुजुर्ग के गले में फंसे मछली के कांटे को सफलतापूर्वक निकाल लिया। मरीज बर्रा, कानपुर नगर का निवासी है। खास बात यह रही कि दूसरे चिकित्सा संस्थानों में एंडोस्कोपी के करीब चार प्रयास असफल होने के बाद मरीज को लखनऊ रेफर किया गया था। यहां वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. डॉ. आरके जौहरी और उनकी टीम ने एक ही प्रयास में कांटा निकालकर मरीज को राहत दिलाई।मरीज को 25 अक्टूबर को गले में मछली का कांटा फंसने के बाद निगलने में परेशानी और असहजता होने लगी थी। उसने विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में उपचार कराया, लेकिन एंडोस्कोपी से कांटा निकालने के कई प्रयास सफल नहीं हुए। इसके बाद उसे जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में लाया गया। मरीज की जटिल स्थिति को देखते हुए प्रिंसिपल एवं डीन डॉ. प्रो. संजय काला के मार्गदर्शन में आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक से उपचार का निर्णय लिया गया।
प्रो. डॉ. आरके जौहरी के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने Rat Tooth Foreign Body Removal Forceps की मदद से गले के ऊपरी हिस्से में फंसे कांटे को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया। लंबे समय से दर्द और निगलने में परेशानी झेल रहे मरीज को इसके बाद काफी राहत मिली।इस मामले में एक रोचक पहलू भी सामने आया। मरीज के परिजनों ने बताया कि उनका पूरा परिवार शुद्ध शाकाहारी है। मरीज ने भी शुरुआत में मछली या किसी अन्य मांसाहारी खाद्य पदार्थ के सेवन से इनकार किया था। हालांकि, गले से मछली का कांटा निकलने के बाद मरीज ने मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, अब तो चोरी पकड़ी गई। प्रो. डॉ. आरके जौहरी ने बताया कि गले में फंसी बाहरी वस्तु आसपास के ऊतकों को नुकसान पहुंचा सकती है और उसकी स्थिति के अनुसार गंभीर जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। ऐसे मामलों में समय पर विशेषज्ञ से उपचार कराना जरूरी है। आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक से कई जटिल मामलों में ओपन सर्जरी के बिना भी उपचार संभव है। मरीज ने डॉ. संजय काला, प्रो. डॉ. आरके जौहरी और पूरी चिकित्सकीय टीम का आभार जताया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सफल प्रक्रिया के लिए सर्जरी विभाग की टीम को बधाई दी।