दीपावली पर संपर्क की कोशिशें नाकाम, किसी ने फोन नहीं उठाया तो कहीं मुलाकात तक नहीं हो सकी; सवाल विज्ञापन का नहीं, आपसी सम्मान और व्यवहार का है।
मनीष गुप्ता
कानपुर। दीपावली का त्योहार खुशियां बांटने, पुराने गिले-शिकवे दूर करने और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने का अवसर होता है। इस पर्व पर लोग अपने परिचितों, शुभचिंतकों और सहयोगियों को याद करते हैं, लेकिन इस बार कुछ अनुभव ऐसे रहे, जिन्होंने समाज के दो महत्वपूर्ण पेशों के बीच आपसी संवाद और संबंधों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए। दीपावली के अवसर पर शहर के कई डॉक्टरों से संपर्क करने का प्रयास किया गया। किसी से फोन पर बात करने की कोशिश हुई तो किसी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने की। कुछ डॉक्टरों ने विज्ञापन के माध्यम से सहयोग किया, लेकिन कई ऐसे भी रहे, जिन्होंने कोई प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं समझा। किसी का फोन लगातार बजता रहा, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कुछ स्थानों पर पहुंचने के बाद भी डॉक्टरों से मुलाकात नहीं हो सकी। कहीं व्यस्तता का हवाला मिला तो कहीं कोई जवाब ही नहीं आया।
हालांकि, इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि विज्ञापन देना या न देना किसी का व्यक्तिगत निर्णय है। किसी पर भी विज्ञापन देने का दबाव नहीं बनाया जा सकता। लेकिन सवाल यह है कि क्या आपसी संबंधों में बातचीत और शिष्टाचार की भी कोई जगह नहीं बची है? यदि कोई व्यक्ति संपर्क करता है तो कम से कम उसका जवाब देना या अपनी असमर्थता बता देना भी अच्छे व्यवहार का हिस्सा है।
डॉक्टर समाज में एक सम्मानित स्थान रखते हैं। मरीजों की सेवा, उनका उपचार और जीवन बचाने की जिम्मेदारी निश्चित रूप से उनके काम को बेहद महत्वपूर्ण बनाती है। वहीं पत्रकार भी समाज की आवाज को सामने लाने और जनहित के मुद्दों को उठाने का काम करते हैं। दोनों ही अपने-अपने क्षेत्र में सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में दोनों के बीच सम्मान और संवाद का रिश्ता बना रहना जरूरी है।
अक्सर किसी कार्यक्रम, अस्पताल के प्रचार, उपलब्धियों या किसी विशेष खबर के प्रकाशन की जरूरत पड़ती है तो पत्रकारों से संपर्क किया जाता है। उस समय उम्मीद रहती है कि खबर को प्रमुखता मिले और मीडिया सहयोग करे। लेकिन जब संपर्क करने की बारी दूसरी ओर से आती है तो फोन तक रिसीव न होना या मुलाकात न हो पाना निश्चित रूप से निराशाजनक अनुभव है। यह किसी एक डॉक्टर या पूरे चिकित्सा जगत पर टिप्पणी नहीं है, बल्कि उन अनुभवों के आधार पर उठाया गया सवाल है, जहां व्यस्तता और संवादहीनता के बीच आपसी संबंध पीछे छूटते नजर आते हैं। याद रखना चाहिए कि विज्ञापन से अखबार को आर्थिक सहयोग मिल सकता है, लेकिन सम्मान और अच्छे व्यवहार से ही रिश्ते मजबूत होते हैं। रिश्ते जरूरत के हिसाब से नहीं, बल्कि आपसी सम्मान और विश्वास के आधार पर निभाए जाते हैं।