फॉरेक्स ट्रेडिंग में 5 लाख का घाटा बना वजह, रिश्तेदार के साथ मिलकर रची थी वारदात
कानपुर। शहर के प्रमुख कारोबारी क्षेत्र बिरहाना रोड पर 10 नवंबर को 20 लाख रुपये लूटने के प्रयास का फीलखाना पुलिस ने खुलासा किया है। इस वारदात की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसी कंपनी के कर्मचारी ने रची थी, जहां से नकदी ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता कर्मचारी और उसके रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने प्रेसवार्ता में बताया कि गुरु कृपा पेपर ट्रेडिंग कंपनी में काम करने वाले वीरभान सिंह ने कंपनी में नकदी के लेनदेन और उसे ले जाने के समय व रास्ते की जानकारी जुटाई थी। इसके बाद उसने अपने रिश्तेदार अवनींद्र सिंह उर्फ अंकुश के साथ मिलकर 20 लाख रुपये लूटने की योजना बनाई।
योजना के मुताबिक, 10 नवंबर को कंपनी का कर्मचारी जब 20 लाख रुपये से भरा बैग स्कूटी से लेकर जा रहा था, तभी बिरहाना रोड पर अवनींद्र ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इसके बाद उसने रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने शोर मचाते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए पीछा किया। लोगों की तत्परता से आरोपी नकदी का बैग लेकर भागने में सफल नहीं हो सका।
सूचना पर पहुंची फीलखाना पुलिस ने मौके से अवनींद्र उर्फ अंकुश को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने पूरी साजिश का खुलासा करते हुए वीरभान सिंह का नाम बताया। पुलिस के अनुसार, वीरभान को फॉरेक्स ट्रेडिंग में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ था। इसी घाटे और कर्ज की भरपाई के लिए उसने अपनी ही कंपनी में लूट की योजना तैयार की थी। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता वीरभान सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। डीसीपी पूर्वी ने वारदात को नाकाम करने में मदद करने वाले स्थानीय नागरिकों के साहस की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की। वहीं, कुछ ही घंटों में घटना का खुलासा करने वाली फीलखाना पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने का ऐलान किया।