अभिषेक, हवन-पूजन, सुंदरकांड और भव्य झांकियों के बाद विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
कानपुर। गोविंद नगर के के-ब्लॉक स्थित श्री हनुमान पार्क में शनिवार को के-ब्लॉक परिवार सेवा समिति की ओर से श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी का 19वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
वार्षिकोत्सव का शुभारंभ हनुमान जी के गंगाजल, दूध और दही से विधि-विधानपूर्वक अभिषेक के साथ हुआ। इसके बाद प्रभु का भव्य श्रृंगार किया गया। हवन-पूजन के साथ श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन ने माहौल भक्तिमय बना दिया। भगवान श्रीराम और हनुमान जी की आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं।
समिति के अध्यक्ष श्याम लाल मूल चंदानी ने पूर्व विधायक अजय कपूर और कोऑपरेटिव इंडस्ट्रियल एस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। अन्य अतिथियों का भी रामनाम का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समिति के सदस्यों और क्षेत्रवासियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग किया। इस अवसर पर सौरभ बाजपेयी, मनोज गुप्ता, सुनील अल्वानी, अजय गुप्ता, भारत भूषण मेहता, संजय शुक्ला, सुधीर बाजपेयी, दुन्नी दीक्षित, मनोज श्रीवास्तव, हरविंदर सिंह, दीपक सिंह, विनय अग्रवाल, विभु द्विवेदी, धर्मेंद्र गुप्ता सहित समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। समिति अध्यक्ष श्याम लाल मूल चंदानी ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को मजबूत करने के साथ समाज में सेवा, सद्भाव और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देते हैं।