खाद्य विभाग और एसोसिएशन की बैठक में स्वच्छता मानकों के पालन का संकल्प, मिलावट के स्रोत पर कार्रवाई की मांग
कानपुर। कानपुर के होटल, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट में ग्राहकों को शुद्ध, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए किचन की स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर दिया गया। बुधवार को कानपुर होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट एवं बैंक्वेट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम लाल मूलचंदानी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में खाद्य विभाग के अधिकारियों और व्यवसायियों ने स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए आपसी समन्वय से काम करने का संकल्प लिया। बैठक में खाद्य विभाग के डीओ संजय प्रताप सिंह और खाद्य विभाग के चीफ धर्मेंद्र द्विवेदी ने होटल-रेस्टोरेंट संचालकों को हाइजीनिक किचन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने किचन की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव, कर्मचारियों की ड्रेस और मेडिकल फिटनेस, पानी की गुणवत्ता तथा खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम लाल मूलचंदानी ने कहा कि होटल-रेस्टोरेंट संचालक खाद्य विभाग के साथ पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं। विभागीय अधिकारियों को प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कमियों की जानकारी देनी चाहिए, ताकि संचालक उन्हें दूर कर सकें। उन्होंने छोटी-मोटी अनियमितताओं पर तत्काल प्रतिष्ठान सील करने के बजाय कम से कम सात दिन का समय देकर सुधार का अवसर देने की मांग की। निर्धारित अवधि में कमियां दूर नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
संस्था के मुख्य संरक्षक विजय कपूर ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के स्रोत पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि होटल और रेस्टोरेंट संचालक दूध, पनीर, मसाले सहित अधिकांश कच्चा माल बाजार से खरीदते हैं। ये सामग्री प्रतिष्ठानों में तैयार नहीं होती और खरीद से संबंधित बिल व रिकॉर्ड भी उपलब्ध रहते हैं। ऐसे में मिलावट करने वाले स्रोतों पर भी प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने खाद्य विभाग से व्यवसायियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग देने का अनुरोध किया।
संस्था के चेयरमैन गौरव सेठी ने सभी होटल और रेस्टोरेंट में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। महामंत्री परवीन अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने भी खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों का पालन करने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक के अंत में एसोसिएशन ने संकल्प लिया कि कानपुर के होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट और बैंक्वेट प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने तथा ग्राहकों को शुद्ध, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य विभाग के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। बैठक में विजय कपूर, श्याम लाल मूलचंदानी, रिंकू सेठी, परवीन अग्रवाल, राजकुमार भक्तानी, इंद्र सिंह, संजय मिश्र वानी सहित विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और बैंक्वेट प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें कॉजेट रॉयल, बंटी भाग्यराज, बबलू ओबराय, हरदीप रॉयल क्लिफ, पिंच ऑफ स्पाइस, स्टूडियो एक्सो, एमवीआर ग्रांड, ग्रांड गीथ होटल, ज्ञान होटल, श्रीराम क्रिस्टल, तड़का, लैंडमार्क, हवेली, पंजाबी ढाबा, मालिक रेजीडेंसी, सिटी क्लब और सांझा चूल्हा सहित अन्य प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि शामिल रहे।